बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल की कार्य समिति की बैठक जिला महामंत्री यश मसीह के कार्यालय में हुई। बैठक में बताया गया कि 26 जुलाई को प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल आएंगे। उस दौरान बिजली कटौती की समस्या को उठाया जाएगा।
महामंत्री ने बताया कि अध्यक्ष का स्वागत इंदिरा चौक स्थित एक पैलेस के पास किया जाएगा। जिला अध्यक्ष कृष्ण देव चांडक ने जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती पर चिंता जताई। बताया कि इस संबंध में एक ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा जाएगा। वहीं, शहर को बढ़ते जाम और अतिक्रमण की समस्या पर चिंता व्यक्त की और समाधान के लिए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जाएगी। जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि रोडवेज, कचहरी और मुख्य बाजारों में टेंपो व ई-रिक्शा के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। जिसके समाधान के लिए अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे। प्रांतीय उपाध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि सभी व्यापारी संगठनों को एकजुट होकर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में तत्पर रहना चाहिए। इस अवसर पर अनिल माहेश्वरी, अभिषेक वंसल, संतोष शर्मा, दिनेश गुप्ता, राहुल वर्मा आदि मौजूद रहे।