यूपी चुनाव 2022: डीपी यादव आज कराएंगे नामांकन, परिवार के लोगों को भी सियासी रण में उतारेंगे
रापद मुखिया डीपी यादव मंगलवार को सहसवान सीट से नामांकन कराएंगे। परिवार के दूसरे लोगों को जिले की अन्य सीटों पर उतार सकते हैं। इसकी घोषणा भी वह आज ही करेंगे।
विस्तार
डीपी यादव भी जिले में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करेंगे। मंगलवार को वह सहसवान विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। इसके साथ ही बिल्सी सीट से भी वह राष्ट्रीय परिवर्तन दल से प्रत्याशी उतार सकते हैं। यह प्रत्याशी उनके परिवार का हो सकता है।
रापद मुखिया डीपी यादव ने 2007 में सहसवान और उनकी पत्नी उमलेश यादव ने बिसौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। रापद ने यह दोनों सीटें जीती थीं। बाद में बिसौली सीट सुरक्षित हो गई। पिछले दिनों बदायूं आए डीपी यादव ने कहा था कि वह सहसवान सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनकी भाजपा से बात भी चल रही है। जब भाजपा ने सभी छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए तो डीपी को रणनीति बदलनी पड़ी है। अब वह रापद से ही चुनाव लड़ेंगे। मंगलवार को नामांकन कराने के बाद बिल्सी सीट पर भी प्रत्याशी घोषित कर सकते हैं।
सोमवार को डीपी के कलेक्ट्रेट में आकर नामांकन कराने की पूरी तैयारी थी। उनके कुछ परिचित भी यहां आ गए थे। हालांकि नामांकन के अंतिम समय तक डीपी नहीं आए। अमर उजाला से बातचीत में डीपी यादव ने साफ किया कि कागजात तैयार कराने में समय लग गया।