Budaun News: पोस्टमार्टम के दौरान विवाहिता की निकाल ली आंखें, शव देखकर मायके वाले रह गए दंग
गांव रसूला में रविवार दोपहर को विवाहिता की मौत हो गई थी। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद उसके मायके वालों ने आंखें निकाले जाने का आरोप लगाया।
विस्तार
बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव रसूला में रविवार को विवाहिता पूजा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसके मायके वालों ने जब शव देखा तो वे दंग रह गए। उन्होंने डॉक्टरों पर विवाहिता की आंखें निकाल लेने का आरोप लगाया। डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव कुतरई निवासी गंगाचरण ने अपनी बेटी पूजा की शादी करीब चार माह पहले ग्राम रसूला निवासी जोगेंद्र के साथ की थी। उनका आरोप है कि जोगेंद्र दहेज में दो लाख रुपये और बाइक मांग रहा था।
मांग पूरी न होने पर वह पूजा का उत्पीड़न कर रहा था। उसके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि रविवार दोपहर उसने हत्या कर पूजा का शव फंदे से लटका दिया था। पुलिस ने सोमवार दोपहर पूजा के शव का पोस्टमार्टम कराया था।
शव की आंखें गायब देख रह गए दंग
पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले उसके शव को अपने घर ले गए। शव पहुंचने की सूचना पर गांव के तमाम लोग जमा हो गए। जब परिवार वालों ने शव देखा तो आंखें गायब थीं। यह देखकर परिवार वाले हैरान रह गए।
वह देर शाम अपने वाहनों से डीएम आवास पहुंचे। उन्होंने डीएम मनोज कुमार से पोस्टमार्टम के दौरान आंखें निकालने की शिकायत की। परिवार वालों ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। डीएम ने उन्हें जांच का भरोसा दिलाया।