बदायूं। बीआरसी मडोरा के सभागार में शुक्रवार को क्लस्टर सोशल ऑडिटर टीम का एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं के अभिभावक, अध्यापक एवं समुदाय के लोगों का मूल्यांकन करने वाले सोशल ऑडिटर की टीम को प्रशिक्षण दिया गया।
समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक पीसी श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल ऑडिट कार्यक्रम को आरंभ किया जा रहा है। लखनऊ विश्वविद्यालय को 20 जिले आवंटित किए गए हैं। सोशल ऑडिट कार्यक्रम में मुख्य रूप से परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावक, अध्यापक व समुदाय के लोगों के मूल्यांकन का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मूल्यांकन में जो भी खामियां पाई जाएंगी। उस पर विभाग सुधार करेगा। इस अवसर पर प्रशिक्षण विश्वविद्यालय से प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षक अंतू सिंह, रूपेंद्र पटेल, प्रो. डॉ. नोडल अधिकारी अनूप भारतीय समेत 55 क्लस्टर सोशल ऑडिटर मौजूद रहे।