फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   पैगंबर की याद में शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

पैगंबर की याद में शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

Sun, 03 Dec 2017 12:55 AM IST
Updated Sun, 03 Dec 2017 12:55 AM IST
विज्ञापन
पैगंबर की याद में शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
julus - फोटो : amar ujala
जुटे हजारों अकीदतमंद, तकरीरों में मुल्क और कौम की सलामती की दुआ
विज्ञापन

फूलों की बारिश कर कई जगह किया जुलूस का स्वागत


बदायूं। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश शानो शौकत से मनाई गई। शहर में अमन का पैगाम देते हुए जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, इसमें हजारों लोग शामिल हुए। जगह-जगह जुलूस का स्वागत करते हुए लंगर तकसीम किया गया।
ईद मिलादुन्नबी पर सुबह जामा मस्जिद शम्सी के सदर दरवाजे से हजरत अज्जाम मियां कादरी की कयादत में परचम कुशाई के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी का आगाज हुआ। उनके पीछे छोटी-छोटी टोलियों की शक्ल में हजारों लोगों का काफिला चला। नौजवान नात पढ़ते हुए चल रहे थे। बीच-बीच में इस्लामी नारों की गूंज से माहौल में और भी जोश पैदा हो रहा था। देहात से आए दर्जनों टेंपो, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, रिक्शा आदि पर सवार लोग हाथों में झंडियां लेकर चल रहे थे। वाहनों पर सवार सजे-धजे बच्चे भी चार चांद लगा रहे थे। जगह-जगह सबीलें लगाई गईं तो लंगर भी तकसीम किया गया।
विज्ञापन

चौधरी सराय में शाह विलायत गेट पर तकरीर में हजरत अज्जाम मियां कादरी ने पैगंबर इस्लाम की शान में बताया कि हमारे नबी किसी एक कौम के नहीं बल्कि सारे आलम के नबी हैं। उन्हें किसी एक कौम के साथ जोड़ना गलत होगा। हमें उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए। उनसे सीख लेकर अगर हम आगे बढ़ें तो किसी भी क्षेत्र में कामयाबी हासिल की जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जुलूस-ए-मोहम्मदी जामा मस्जिद से शुरू होकर मीराजी की चौकी, चक्कर की सड़क, भंडार कुआं, सोथा पुलिस चौकी, छोटे सरकार रोड, चौधरी सराय, नूरी चौक, चौधरी गंज, घंटाघर, कोतवाली पहुंचा। इसके बाद कोतवाली पर भी तकरीर हुई। इसके बाद नागरान होता हुआ जामा मस्जिद पर अपने अंजाम तक पहुंचा। इस दौरान शहर में कई जगह फूलों की बारिश कर भव्य स्वागत किया गया। कोतवाली पर व्यापारियों ने भी जुलूस का जोरदार स्वागत कर कौमी एकता का परिचय दिया। इस दौरान नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था का खास ख्याल रखा। सिविल लाइंस क्षेत्र के शेखूपुर में भी ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस निकाला गया।
उझानी। ईद मिलादुन्नबी पर शनिवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरी शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। सुबह जामा मस्जिद पर हजारों की संख्या में जुटे अकीदतमंदों ने तकरीरें भी सुनीं। मस्जिद के इमाम कारी अब्दुल कलाम ने कलाम पेश किया। उन्होंने कौम और मुल्क की सलामती की दुआ भी की।
जामा मस्जिद परिसर से जुलूस-ए-मोहम्मदी का आगाज सुबह करीब नौ बजे हुआ। जुलूस बिल्सी रोड बाजार से होकर घंटाघर चौराहे पर पहुंचा तो अकीदतमंदों में गजब का जोश नजर आया। अकीदतमंदों ने नारे भी लगाए। चौराहे पर जुटे लोगों का पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल ने इस्तकबाल किया। करीब चार घंटे तक निकले जुलूस के दौरान युवाओं की टोलियों ने नियाज कराई। सब्जी मंडी के समीप स्थित मकबरे में भी तकरीरों का दौर चला। जुलूस-ए-मोहम्मदी में हाफिज अब्दुल लतीफ, हाफिज मुनाजिर, डॉ. नईमउद्दीन, वसीमउद्दीन, डॉ. शफातुल्लाह, अब्दुल कारी आदि हजारों लोग शामिल थे।
कादरचौक। क्षेत्र के गांव रमजानपुर, गौरामई, बेहटा डंबरनगर, भमुईया, भदसिया और नूरपुर में ईद मिलादुन्नबी परंपरागत तरीके से मनाया गया। घरों और मस्जिदों में मीलाद की महफिल, कुरनाख्वानी, फातेहाख्वानी और नातख्वानी हुई।

मस्जिदों और घरों पर की गई सजावट
शहर में कई दिनों से घरों और मस्जिदों पर खास सजावट की गई है। रात होते ही मुस्लिम इलाकों की शोभा देखते ही बन रही थी। घंटाघर से छह सड़का, गांधी ग्राउंड तक, जोगीपुरा-कचहरी रोड, नई सराय, खंडसारी आदि इलाकों पर खास सजावट की गई।

तिरंगा भी खूब लहराया
इस साल जुलूस कुछ ज्यादा ही लंबा रहा। जुलूस के दौरान तिरंगा भी खूब लहराया गया। नौजवान इस झंडे को पूरे अदब के साथ लहरा रहे थे।

आरएएफ के साथ डटे रहे अफसर
मतगणना के लिहाज से आई रैपिड एक्शन फोर्स का जिले के पुलिस-प्रशासन ने भरपूर इस्तेमाल किया। यह फोर्स कोतवाली इलाके में जुलूस के दौरान तैनात रही। एसपी सिटी कमल किशोर, सिटी मजिस्ट्रेट राजकुमार द्विवेदी, सीओ सिटी वीरेंद्र यादव और कोतवाल अजय यादव के साथ आरएएफ की अधिकारी सोनम ने शहर के संवेदनशील इलाकों में अपनी टीम के साथ मूवमेंट किया। पहली बार जुलूस में पैरामिलिट्री फोर्स भी साथ रही।

कछला रोड पर पुलिस ने रोके अकीदतमंद
उझानी। गंज शहीदा समेत उसके आसपास इलाके के कई अकीदतमंद जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होने के लिए अपने सजे वाहनों से चौराहे की ओर निकले तो पुलिस ने उन्हें तय रूट पर ही जाने की सलाह देते हुए रोक लिया। हालांकि लोगों का कहना था कि किलाखेड़ा के रास्ते वाहनों को निकलना मुश्किल है, इसलिए कछला रोड से होकर निकलना पड़ा लेकिन प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा ने उन्हें तय रूट की ओर लौटा दिया।


मरीजों को बांटे फल
बदायूं । इस्लामिक इंटेलेक्चुअल बोर्ड की जानिब से मरीजों और स्कूली बच्चों को फल बांट गए। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना डॉ. यासीन अली उस्मानी, डॉ. रियाज, निगत परवीन, जिलाध्यक्ष हाजी मजहर हमीदी, साहिबे आलम, अमीरुल हसन, फहद फरीद आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed