'डाकू गब्बर सिंह की तरह है मोदी का खौफ'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री बेनीप्रसाद वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के विवादित बयान आते रहे हैं। इस कड़ी में अब बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप का नाम भी जुड़ गया है।
बुधवार को जनसभा में बीजेपी के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की तुलना शोले फिल्म के डाकू गब्बर सिंह से करके वह विपक्षियों के निशाने पर आ गए हैं। मोदी पर दिए अपने आपत्तिजनक बयान को वह स्वीकार भी कर रहे हैं।
बसपा प्रत्याशी मुकुल उपाध्याय के पक्ष में बुधवार को अंबेडकर पार्क में जनसभा थी। इसको पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, राज्यसभा सांसद और बसपा के चंडीगढ़, पंजाब व जम्मू कश्मीर प्रभारी नरेंद्र कश्यप ने भी संबोधित किया था। संबोधन में बसपा की खूबियां गिनाने के दौरान नरेंद्र मोदी का नाम आने पर वह एकाएक उत्तेजित हो गए।
बयान पर कायम है कश्यप
मोदी की तुलना शोले फिल्म के डाकू गब्बर सिंह से करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह गब्बर के डर से बच्चे रोना बंद कर देते थे, उसी तरह मोदी के डर से देश का एक बड़ा वर्ग खौफ में है। वह कुछ भी बोल नहीं पा रहा है। ऐसे में मोदी के पीएम बनने से बड़ा नुकसान होगा। नरेंद्र कश्यप के विवादित बयान की चारों ओर निंदा हो रही है। इसके बावजूद वह अपने बयान पर कायम हैं। उनका कहना है कि मैंने मोदी की तुलना गब्बर सिंह से की है, मोदी का खौफ गब्बर की तरह ही समाज के एक वर्ग पर छा गया है। मेरी तुलना में कोई गलती नहीं है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद भारती ने कहा कि जिस घोटालेबाज पार्टी से नरेंद्र कश्यप हैं, उसके अनुसार ही उनकी सोच है। कोर्ट में रोजाना बसपा शासन के घोटालेबाजों की पेशी होती है। इसी रास्ते को अपनाकर साधारण वकील से चलकर वह यहां तक पहुंचे हैं। विकास पुरुष मोदी की छवि से बौखलाकर वह अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। हम इसकी निंदा करते हैं।
इस बारे में पूछे जाने पर बसपा जिलाध्यक्ष रामप्रसाद प्रधान ने कहा, 'मैं इस सभा में नहीं था। पता करता हूं कि किन हालात में बयान दिया गया है। अभी मेरे संज्ञान में बयान नहीं है।'