गांव साहबपुरा उमराव के मुख्य मार्ग पर जलभराव
मंडावली। गांव साहबपुरा उमराव के मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों को मजबूरन गांव के गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है।
मंडावली के गांव साहबपुरा उमराव में गांव की जल निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। जिस कारण पिछले दो माह से गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव हो रहा है। ग्रामीण गंगाराम, ऋषिपाल, करण सिंह, अतर सिंह, देवेंद्र, रईस का कहना है कि गांव के पानी निकासी पहले गांव की पश्चिम दिशा में एक आम के बाग के रास्ते से होती थी, लेकिन बाग स्वामी ने तीन माह पूर्व मिट्टी डलवाकर पानी की निकासी बंद कर दी। जल निकासी न होने से गांव का पानी मुख्य मार्ग पर जमा हो रहा है। गांव का पानी मुख्य मार्ग से होते हुए गांव के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक पहुंच चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी के लिए सड़क किनारे नाला बनवाने की मांग की है। उधर, साहबपूरा उमराव की प्रधान इमराना का कहना है कि कुछ ग्रामीण जल निकासी सुचारु कराने में बाधा बन रहे हैं। एसडीएम से इसकी शिकायत की गई थी। उन्होंने गांव का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है।