अमर उजाला अभियान स्वास्थ्य: रफ्तार पकड़ने लगा टीकाकरण, इस जिले में बढ़ने लगी संख्या
बिजनौर में 12 से 14 उम्र तक किशोरों के टीकाकरण को 15 दिन बाद रफ्तार मिलनी शुरू हो गई है। फिलहाल 12 से 14 उम्र तक के किशोरों का करीब 116 बूथों पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले में 12 से 14 उम्र तक के किशोरों का टीकाकरण अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। क्योंकि अब स्कूलों में धीरे-धीरे परीक्षा समाप्त हो रही हैं। जिससे किशोर अब वैक्सीनेशन सेंटर पर कोरोनारोधी टीका लगवाने आ रहे हैं। जिले में अब तक 5036 किशोरों ने टीका लगवा लिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 155999 किशोरों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस लक्ष्य का अभी 3.23 फीसदी किशोरों का वैक्सीनेशन हुआ है। ज्यादातर स्कूलों में चल रही परीक्षाओं की वजह से वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी है। हालांकि कुछ किशोर अपने अभिभावकों के साथ वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंच रहे हैं।
वैक्सीन को लेकर कोई डर नहीं : आर्ची
आर्ची माहेश्वरी ने बताया कि डीएवी पब्लिक स्कूल मुंबई में कक्षा 8 की छात्रा है। बिजनौर अपने मामा के घर आई हुई है। वैक्सीन को लेकर कोई भय नहीं है। बल्कि वैक्सीन से ही कोरोना को मात दी जा सकती है।
परीक्षा की वजह से वैक्सीन लगवाने में हुई देरी : आर्यन
आर्यन माहेश्वरी ने कहा कि वह सेंट मेरी स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ता है। सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए। परीक्षा की वजह से वैक्सीन लगवाने में देरी हुई है। क्योंकि परीक्षा के बीच में बुखार आने का डर लग रहा था।
अभिभावकों को किया जा रहा जागरूक : इंद्रपाल
केएस चिल्ड्रन एकेडमी कोतवाली देहात के प्रधानाचार्य इंद्रपाल सिंह ने बताया कि 12 से 14 उम्र तक के किशोरों को वैक्सीनेशन के लिए कहा जा रहा है। इसके साथ ही उनके अभिभावकों को स्कूल में बुलाकर किशोरों को वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का पूरा सहयोग करेंगे: अनुपम
माउंट जी लिट्रा बिजनौर के प्रधानाचार्य अनुपम शर्मा ने बताया कि 12 से 14 उम्र तक के किशोरों के टीकाकरण में स्वास्थ्य विभाग का पूरा सहयोग किया जाएगा। इसके साथ ही किशोरों और उनके अभिभावकों को वैक्सीनेशन करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नजदीकी सीएचसी केंद्र पर जाकर कराएं टीकाकरण : सीएमओ
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने बताया कि 12 से 14 उम्र तक के किशोरों के टीकाकरण में तेजी लाने के लिए स्कूलों से संपर्क किया जा रहा है। स्कूलों से किशोरों के अभिभावकों का मोबाइल नंबर लेकर वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही उनसे कहा जा रहा है कि जब तक स्कूलों में वैक्सीनेशन शुरू नहीं होता है, तब तक नजदीकी सीएचसी केंद्र पर जाकर टीकाकरण करवाएं।