UP: 600 बीघा जमीन कब्जा मुक्त, प्रशाशन ने खड़ी फसल पर चलवाया ट्रैक्टर, महिलाओं ने जमकर किया विरोध
Bijnor News : प्रशासन की टीम ने विरोध के बीच 600 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। इस दौरान प्रशासन की टीम ने खड़ी फसल पर ट्रैक्टर भी चलवाया।
विस्तार
बिजनौर जनपद के किरतपुर में प्रशासन और तहसील की टीम ने अवैध कब्जा धारकों से लगभग 600 बीघा ग्राम समाज की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। खेत में खड़ी गन्ने व चरी की फसल पर ट्रैक्टर चलवाकर नष्ट करा दिया गया। बताया गया कि मालन नदी पर निरस्त हो चुके पट्टों पर अभी भी कब्जा था।
सोमवार को दोपहर के समय नायब तहसीलदार राज कुमार और कोतवाल आरपी सिंह भारी पुलिस फोर्स एवं पीएसी के साथ ग्राम असगरपुर में मालन नदी पर पहुंचे। इस दौरान किसानों के कब्जे से जमीन को कब्जा मुक्त कराया। राजस्व विभाग ने चार ट्रैक्टर चलवा कर खेतों में खड़ी गन्ने व चरी की फसल को खुर्दबुर्द करा दिया।
तहसीलदार राज चौधरी ने बताया कि मालन की जमीन पर वर्ष 1983 में श्रेणी-3 आसामी के लोगों के पट्टे हुए थे। जो वर्ष 2001 में न्यायालय के आदेश पर पट्टे निरस्त हो गए थे। लेकिन पट्टा धारकों ने जमीन से कब्जा नहीं छोड़ा था।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: व्यापारी ने टिकैत पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, कार पलटने से हादसा, एक युवक की मौत, चार घायल
खेती करने वालों ने किया विरोध
मालन की जमीन पर खेती कर रहे लोगों का कहना है कि वह 1976 से पट्टे की जमीन को जोत रहे हैं। नीलम, ओमवती, हरी सिंह, भूपेंद्र कुमार, विनीत, जयराम सिंह, अतर सिंह आदि ने खड़ी फसल नष्ट करने पर रोष व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: Meerut: वसूली की ऐसी निंजा टेक्निक नहीं देखी होगी, 80 की स्पीड में दौड़ रहे ट्रकों से रुपये ले रही पुलिस
उनका कहना था कि प्रशासन ने जमीन खाली करने के लिए कोई नोटिस नहीं दिया, जबकि हमने प्रशासन को भारी मात्रा में भूसा दिया था। आरोप लगाया कि पटवारी ने उसे इधर-उधर बेच दिया था। इस मौके पर एडीओ बाबूराम सिंह, राजबीर सिंह, योगेंद्र पटवारी, सुभाष पटवारी आदि रहे।