Bijnor: स्कूल से लौट रही दो सगी बहनों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत; परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
बिजनौर जनपद के नगीना में ट्रक और बाइक की टक्कर में स्कूल जा रही दो सगी बहनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने नगीना-बुंदकी मार्ग पर शवों के साथ जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभालने की कोशिश की।
विस्तार
नगीना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। ग्राम झिलमिला निवासी जॉनी कुमार के तीन बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे एम.एस. एजुकेशन इंटर कॉलेज, लाडपुर चांदला में पढ़ते हैं। ग्राम लाडपुर के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
पलक और वंशिका की मौके पर मौत, हर्ष घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि कक्षा 7 की छात्रा पलक और कक्षा 6 की छात्रा वंशिका की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठे सात वर्षीय हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
दोनों बच्चियों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नगीना–बुंदकी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा और लोग ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
सीओ भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे, समझाने की कोशिश जारी
सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन तभी तक आंदोलन खत्म करने को तैयार नहीं थे जब तक आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता।