Bijnor: क्रेन ने मारी टक्कर, दर्दनाक सड़क हादसा में मां-बेटे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बिजनौर शहर में चक्कर रोड पर क्रेन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 7 साल के बेटे की मौके पर मौत हो गई जबकि इलाज के दौरान मां ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्रेन और चालक को कब्जे में लिया है।
विस्तार
बिजनौर शहर में बुधवार देर शाम चक्कर रोड पर हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। मंडावर थाना क्षेत्र के गांव करीमपुर नंगली निवासी खूबचंद अपनी पत्नी सरिता (28) और सात वर्षीय बेटे अक्की के साथ नुमाइश देखकर घर लौट रहा था।
घर वापसी के दौरान उनकी बाइक का तेल खत्म हो गया, जिसके बाद खूबचंद पैदल ही पास के मित्तल पेट्रोल पंप की ओर बढ़ने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी और बेटा भी साथ चल रहे थे। जब तीनों वीके गार्डन के पास पहुंचे, तभी बैराज रोड की ओर से आ रही एक क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: UP: छोटी बेटी को प्यार-दुलार किया... नहाने के लिए गए और खुद को मार ली गोली; नायब तहसीलदार की खुदकुशी की कहानी
टक्कर से सरिता और अक्की गंभीर रूप से घायल हो गए। तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अक्की को मृत घोषित कर दिया। सरिता की हालत नाजुक होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने भी दम तोड़ दिया।
सूचना पर शहर कोतवाल धमेंद्र सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन और चालक को कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान जिला देवरिया के थाना भोजगार के गांव सखनी निवासी मंसूर आलम पुत्र राजा हुसैन के रूप में हुई है। वह क्रेन लेकर मंडावर स्थित कोहली फार्म जा रहा था।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।