कार्बेट नेशनल पार्क में मिला बाघिन का शव, अधिकारियों में मचा हड़कंप, बताई मौत की ये वजह
बिजनौर के कालागढ़ में कार्बेट नेशनल पार्क में एक बाघिन का शव मिलने से वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों ने इसे आपसी संघर्ष का परिणाम बताया है।
सोमवार सुबह कार्बेट नेशनल पार्क में बिजरानी के जंगलों में एक वयस्क बाघिन का शव गजेंद्र के गश्ती दल को घने जंगलों के बीच मलानी ब्लॉक के कक्ष संख्या 13 में मिला। इसकी सूचना उसने उच्च अधिकारियों को दी।
तत्काल ही मौके पर कार्बेट नेशनल पार्क के निदेशक राहुल वन क्षेत्राधिकारी राजकुमार पहुंचे। निदेशक ने अधिकारियों को वन क्षेत्र में आसपास के स्थानों को देखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्बेट नेशनल पार्क के पशु चिकित्सा डॉक्टर दुष्यंत कुमार को मौके पर बुलाया गया।
पार्क वार्डन रामाकांत तिवारी ने बताया कि मौका स्थिति को देखने के बाद स्पष्ट हो जाता है कि यह आपसी संघर्ष का मामला है। इस संघर्ष में वयस्क बाघिन की जान चली गई। बाघ ने बाघिन को कई स्थानों से नुकसान पहुंचाया है। उसकी गर्दन तोड़ दी है। उसकी गर्दन पर चोट के निशान भी हैं।
वन क्षेत्राधिकारी राजकुमार ने बताया गश्ती दल बाघ की सघन तलाश में लगे हैं। यह भी देखा जा रहा है। कहीं, दूसरे बाघ को भी इस लड़ाई में कोई चोट तो नहीं आई। मृत बाघिन के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। यह आपसी संघर्ष का ही मामला है।