धोखा: प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका को पीटा, शादी से किया इनकार, युवती ने आहत होकर उठाया खौफनाक कदम
शादी की जिद करने पर प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इससे आहत होकर प्रेमिका ने किसी अज्ञात वाहन के आगे आकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
प्रेमी ने शादी करने के इनकार ही नहीं किया, बल्कि घर में घुसकर मारपीट भी की। इससे आहत होकर प्रेमिका ने वाहन के आगे आकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। युवती अपने प्रेमी का रिश्ता कहीं और तय होने का विरोध करते हुए शादी की जिद पर अड़ी थी।
बिजनौर जनपद में हल्दौर क्षेत्र के गांव नवादा तुल्ला की रहने वाली वर्षा (22) पुत्री कल्लन सिंह का गांव के ही मोहित कुमार से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार प्रेमी मोहित की शादी कहीं और तय होने लगी। मंगलवार को लड़की पक्ष के लोगों का मोहित के घर रिश्ते की बातचीत करने के लिए आना तय हुआ, जिसकी भनक वर्षा को लग गई। युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद करने लगी। आरोप है कि प्रेमी ने वर्षा के घर पहुंचकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। इस दौरान युवती के माता-पिता घर पर नहीं थे।
यह भी पढ़ें: काम पर लौटा बुलडोजर: शपथ से पहले मेरठ में बड़ी कार्रवाई, कुख्यात बदन सिंह बद्दो का ठिकाना किया जमींदोज
सोमवार रात करीब 11 बजे युवती ने बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे पर गांव के ही बस अड्डे के समीप किसी वाहन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह वहां से गुजर रहे ग्रामीणों को युवती का शव पड़ा मिला और मामले की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वर्षा के पिता कल्लन सिंह ने पुलिस को अपने गांव निवासी मोहित कुमार पुत्र मूला सिंह पर उनकी बेटी को प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या करने के लिए उकसाने के मामले में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में युवती की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा फैली हुई है।
यह भी पढ़ें: चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष: मेरठ के इस गांव में जमकर पथराव और फायरिंग, 12 लोग हुए घायल, देखिए तस्वीरें
उधर, थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह का कहना है कि युवती ने अपने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर किसी वाहन के सामने आकर आत्महत्या की है। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है।