दर्दनाक: बिजनौर में आवारा सांड ने किसान को पटककर मार डाला, बचाने आए ग्रामीण को हमला कर किया घायल
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आवारा सांड ने हमला कर एक और किसान को मौत के घाट उतार दिया। वहीं किसान को बचाने एक अन्य व्यक्ति पर पर भी सांड ने हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में खेत पर गए किसान पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। हमले में किसान की मौत हो गई जबकि बचाने आया दूसरा किसान भी सांड के हमले से घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मंडावर थाना क्षेत्र के गांव मिर्ज़ापुर निवासी मांगेराम (65) मंगलवार सुबह अपने खेत पर गए। तभी जंगल में घूम रहे आवारा पशुओं में से एक सांड ने किसान मांगेराम पर हमला कर दिया।
सांड के हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पास में ही काम कर रहा अतर सिंह बचाने के लिए दौड़ा लेकिन सांड ने उसे पर भी हमला कर दिया जो की गंभीर रूप से घायल हुआ है।घायल किसान को बिजनौर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर परिजन और अन्य गांव वाले मौके पर पहुंचे। किसान मांगेराम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार तथा प्रभारी हरीश कुमार ने मौके का मुआयना किया।