पैमाइश में सिकरौडा की 140 बीघा जमीन पर मिला कब्जा
मंडावली/नजीबाबाद। राजस्व टीम ने गांव सिकरौडा में ग्राम समाज की भूमि की पैमाइश की। पैमाइश के दौरान टीम को ग्राम समाज की 140 बीघा भूमि पर कब्जा मिला।
13 अप्रैल को मंडावली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकरौडा में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा वाली खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। एसडीएम मनोज कुमार सिंह और तहसीलदार गोपेश तिवारी ने संज्ञान लेते हुए राजस्व टीम को सिकरौडा में ग्राम समाज की भूमि की पैमाइश कराने और कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए। सोमवार को ग्राम प्रधान दिनेश कुमार की उपस्थिति में लेखपाल धर्मेंद्र कुमार, बृज नारायण, वेद प्रकाश, बलराज सिंह, दिनेश कुमार सिकरौडा पहुंचे और ग्राम समाज की 300 बीघा भूमि की पैमाइश की। पैमाइश में राजस्व टीम को लकड़हान नदी किनारे करीब 140 बीघा भूमि पर ग्रामीणों का कब्जा मिला। 70 बीघा जमीन भूमि पर गेहूं और गन्ने की फसल मिली। राजस्व टीम ने ट्रैक्टर से जमीन जोतकर ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। तहसीलदार गोपेश तिवारी ने कहा कि क्षेत्र की अन्य पंचायतों में भी ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे के मामले सामने आ रहे हैं, उन्हें जल्द ही कब्जा मुक्त कराया जाएगा।