नोडल अधिकारी ने हॉटस्पॉट और क्वारंटीन केंद्र का किया निरीक्षण
नजीबाबाद। शासन द्वारा नामित जिले के नोडल अधिकारी अजय चौहान ने एडीजी पीएसी मध्य जोन रामकुमार के साथ जनपद के हॉटस्पॉट और क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री द्वारा नामित बिजनौर के नोडल अधिकारी आवास आयुक्त अजय चौहान ने एडीजी पीएसी मध्य जोन राम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक डा. दीपक मिश्रा के साथ सोमवार को नजीबाबाद के हॉटस्पॉट हर्सवाड़ा, क्वारंटीन केंद्र, कम्युनिटी रसोई और कृषि उत्पादन मंडी समिति का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी अजय चौहान ने सीडीओ कामता प्रसाद, एसडीएम संगीता, सीओ प्रवीण कुमार सिंह के साथ नजीबाबाद क्षेत्र का दौरा किया। कृषि उत्पादन मंडी समिति में नोडल अधिकारी ने गेहूं क्रय केंद्र पर तौल के लिए आए मो. अमीखानपुर के किसानों से वर्षा से गेहूं की फसल प्रभावित होने और क्रय केंद्र पर गेहूं तौल एवं भुगतान संबंधी जानकारी ली। नोडल अधिकारी ने मंडी समिति परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आईटीआई समीपुर और सीवी रमन आईटीआई क्वारंटीन केंद्र मथुरापुरमोर पर क्वारंटीन में रखे गए जमातियों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य संबंध में जानकारी की। उन्होंने लॉकडाउन का अनुपालन कराने तथा क्वारंटीन केंद्रों को सैनिटाइज रखने के प्रति गंभीर रहने को कहा।

नजीबाबाद में गेहूं क्रय केंद्र पर किसान जसपाल सिंह से जानकारी करते नोडल अधिकारी अजय चौहान।- फोटो : NAZIBABAD