Bijnor: प्राथमिक विद्यालय में घुसा गुलदार, रसोईया की सूझबूझ से बची बच्चों की जान, अभिभावकों में रोष
बिजनौर के ग्राम इस्लामपुर बेगा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह गुलदार घुस आया। रसोईया के शोर मचाने पर बच्चों को क्लास में बंद कर सुरक्षित किया गया। गुलदार पास के गन्ने के खेत में चला गया। वहीं खबर सुनते ही अभिभावक भी स्कूल में पहुंच गए और रोष जताया।
विस्तार
बिजनौर के बरुकी क्षेत्र के ग्राम इस्लामपुर बेगा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। स्कूल की रसोईया ने अचानक परिसर में एक गुलदार को घूमते देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद अध्यापकों ने समझदारी दिखाते हुए बच्चों को क्लासरूम में बंद कर दरवाजे लगा दिए।
शोर सुनकर गुलदार पास के गन्ने के खेत की ओर चला गया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंच गए। बच्चों में भय का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ पहुंचे बिजनौर सांसद, दादरी मामले में जेल में बंद लोगों से मिले, 'आई लव मोहम्मद' प्रकरण पर ये बोले
रसोईया ने बताया कि इलाके में पहले भी गुलदार देखे गए हैं। पिछले हफ्ते दो गुलदारों के देखे जाने का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। अभिभावकों ने कहा कि जब तक सुरक्षा इंतजाम नहीं होंगे, वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।
घटना की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए ताकि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।