Bijnor: खेत में काम कर रही वृद्धा पर गुलदार का हमला, साड़ी मुंह में फंसी, दरांत से किया बचाव-दिखाई फुर्ती
बिजनौर के कासमपुर गढ़ी क्षेत्र में खेत में काम कर रही 60 वर्षीय वृद्धा पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला की फुर्ती से जान बची, पैर में पंजा लगने से घायल।
विस्तार
बिजनौर जनपद के कासमपुर गढ़ी क्षेत्र के गांव चौहड़वाला में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में काम करने गई एक वृद्धा पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला बाल-बाल बच गई, हालांकि गुलदार के पंजे लगने से वह घायल हो गई।
महिला की फुर्ती से टली बड़ी घटना
जानकारी के अनुसार हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी 60 वर्षीय आशा देवी पत्नी गजराम सिंह खेत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक खेत से निकलकर गुलदार ने उन पर झपट्टा मार दिया। आहट होने पर महिला ने पीछे देखा तो गुलदार को अपनी ओर आते देखा।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar Crime News: हॉट मिक्सिंग प्लांट में ड्राइवर की जलकर मौत, 20 फरवरी को होनी थी शादी
साड़ी मुंह में फंसी, दरांत से किया मुकाबला
महिला ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को एक ओर कर लिया, जिससे गुलदार के हमले में उसकी साड़ी गुलदार के मुंह में आ गई। आशा देवी ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में पकड़ी दरांत से गुलदार पर वार किया। इससे गुलदार पीछे हट गया, लेकिन वह लगातार हमला करने की कोशिश करता रहा।
ग्रामीणों के शोर से भागा गुलदार
महिला के अनुसार गुलदार काफी देर तक उसके आसपास मंडराता रहा और बार-बार हमला करने की कोशिश करता रहा। जैसे ही ग्रामीणों का शोर-शराबा हुआ, गुलदार मौके से जंगल की ओर भाग गया।
पैर में पंजा लगने से महिला घायल
हमले के दौरान गुलदार का पंजा महिला के पैर में लग गया, जिससे वह घायल हो गई। परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से महिला को पीएचसी कासमपुर गढ़ी पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया
पीएचसी में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।