तुख्मापुर में पूर्वी गंगा नहर कटी, फसलें जलमग्न
बिजनौर के नगीना में पूर्वी गंगा नहर में पानी छोड़ने के कारण नगीना से होकर निकलने वाली गांव तुख्मापुर में नहर कटने से किसानों की दुश्वारियां बढ़ गई है।
नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी से पानी के कटान को बंद कराया। सिंचाई विभाग के सूत्रों के मुताबिक पूर्व गंगा नहर में पानी छोड़े जाने के कारण नगीना के निकट गांव तुख्मापुर में नहर का पानी कट जाने से रामपाल, अशोक कुमार, हरि सिंह, महमूद अली, देवेन्द्र कुमार, राजवीर, राकेश, अनीस
अहमद समेत एक दर्जन किसानों के खेतों में पानी भर गया। साथ ही नगरपालिका द्वारा बनाए जा रहे कूड़ा निस्तारण भूमि में भी करीब दो फीट पानी भर जाने से उसकी दीवारों को खतरा हो गया।
पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान ने बताया कि इस संबंध में पूर्वी गंगा नहर के अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार व उच्चाधिकारी लांबा को इस बाबत सूचना दी। इसके बाद में जेसीबी मशीन भेजकर कटी हुई नहर को बंद कराया गया।