Bijnor: मदरसे में बिहार से पढ़ने आए सात साल के बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत, शव लेकर लौटे परिजन
जलालाबाद के अंजुमन हादी उल उलूम मदरसे में पढ़ने आए बिहार निवासी 7 वर्षीय बच्चे की नाले में गिरने से मौत हो गई। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए वापस बिहार ले गए। घटना को लेकर कई सवाल उठे हैं।
विस्तार
बिजनौर जनपद के जलालाबाद कस्बे में उस वक्त सनसनी फैल गई जब बिहार से पढ़ाई के लिए आए सात वर्षीय बच्चे की नाले में गिरकर मौत हो गई। घटना शनिवार रात की है और यह हादसा अंजुमन हादी उल उलूम मदरसे में हुआ।
मृतक की पहचान अल्ताफ के रूप में हुई है, जो अपने नाना इनामुल हक के साथ मदरसे में रहकर दीनी शिक्षा ले रहा था। बताया गया कि रात में शौचालय जाने के दौरान अल्ताफ शौचालय के बाहर खुले नाले में गिर गया। मदरसे के लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: CM Yogi In Meerut: मुख्यमंत्री बोले-अपने आकाओं संग सो गया सोतीगंज, अब एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और खेल से पहचान
पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर, फिर भी नहीं मिली भनक
हैरानी की बात यह रही कि मदरसे से जलालाबाद पुलिस चौकी मात्र 50 मीटर की दूरी पर है, फिर भी पुलिस को घटना की कोई सूचना समय रहते नहीं दी गई।
बिना पोस्टमार्टम शव ले गए परिजन
घटना की जानकारी मिलने पर बिहार से परिजन जलालाबाद पहुंचे, लेकिन उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शव को साथ ले जाकर रवाना कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह के कयास और चर्चाएं चल रही हैं। लोगों का कहना है कि इतनी संवेदनशील घटना में पुलिस की निष्क्रियता और मदरसे की लापरवाही पर सवाल उठते हैं।