Bijnor: बड़ा हादसा टला, नांगल-चंदक मार्ग पर पलटा भूसे से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉला, चालक ने कूदकर बचाई जान
नांगल-चंदक मार्ग पर गांव चंदोक के पास भूसे से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉला पलट गया। चालक ने समय रहते कूदकर जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर दोनों ओर जाम लग गया जिसे पुलिस ने हटवाया।
विस्तार
बिजनौर जनपद के नांगलसोती में नांगल-चंदक मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब भूसे से लदा एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। ट्रॉला इतनी तेजी से पलटा कि आसपास के लोग सहम गए। संयोगवश कोई राहगीर या वाहन चपेट में नहीं आया, वरना भारी जनहानि हो सकती थी।
गांव खानपुर (जनपद हरिद्वार) निवासी ट्रैक्टर चालक मोनू, सुबह करीब 9 बजे लक्सर से भूसा भरकर मंडावली क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर जा रहा था। जैसे ही वह चंदोक गांव के पास पहुंचा, ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक असंतुलित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉला तेज रफ्तार में था और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा।
यह भी पढ़ें: हस्तिानपुर में दिन निकलते ही वारदात: शख्स की हत्या कर शव स्कूल में फेंका, सिर व कमर पर गंभीर चोटें
हादसे के दौरान चालक मोनू ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रॉला पलटने से ठीक पहले छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हल्की खरोंचें आने के बावजूद चालक सुरक्षित है। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रॉला हटवाकर सड़क से यातायात बहाल कराया। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पहले से ही संकरा है और भारी वाहनों के तेज गति से गुजरने पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पुलिस ने ये कहा
थाना नांगलसोती पुलिस का कहना है कि मामला अधिक गंभीर नहीं है, लेकिन ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉला को जब्त कर जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़े तो स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।