नूरपुर-स्योहारा फाटक बंद होने से रोष
स्योहारा। गन्ना समिति प्रांगण में आयोजित स्योहारा भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं को उठाया गया। एक सप्ताह से नूरपुर-स्योहारा रेलवे फाटक बंद होने पर आक्रोश प्रकट किया गया।
पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि सरकार अपने मनमाने ढंग से कार्य कर रही है। शुगर मिल प्रारंभ हो चुके हैं, लेकिन गन्ने के रेट की घोषणा नहीं हुई। गेहूं की बुवाई शुरू नहीं हुई और गेहूं के रेट की घोषणा भी कर दी। ट्रैक्टर खरीदने पर 28 प्रतिशत जीएसटी ने किसान की कमर तोड़ दी है। गन्ने का रेट 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें टूटी पड़ी हैं, जिनमें काफी गड्ढे हो चुके हैं। किसान गन्ना शुगर मिल में ले जाने के लिए बड़ी समस्या का सामना कर रहे हैं। पंचायत में शुगर मिल की ओर से गन्ना प्रबंधक बलवंत सिंह, गन्ना समिति की ओर से गन्ना विशेष सचिव प्रदीप शर्मा, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र नाथ व केनरा बैंक मैनेजर ने आश्वासन दिया इस गन्ना सत्र में किसानों को किसी भी तरह की समस्या नहीं होने देंगे। इस अवसर पर गजराम सिंह, हरिओम यादव, जसराम सिंह यादव, वीरेंद्र प्रधान, अनुज कुमार, सुखबीर सिंह, अरविंद चौहान, मास्टर अमर सिंह, पोखर सिंह आदि मौजूद रहे।