Bijnor: ग्रामीण बैंक की नजीबाबाद शाखा में लगी आग, प्रबंधक कार्यालय पूरी तरह जला
बिजनौर की उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक नजीबाबाद शाखा में रविवार रात आग लग गई, जिसमें प्रबंधक कार्यालय समेत बैंक का ज़्यादातर हिस्सा जल गया। दमकल विभाग कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
विस्तार
तहसील के सामने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक नजीबाबाद शाखा के प्रबंधक कार्यालय में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगी। रविवार को बैंक बंद था। प्रबंधक अक्षय शर्मा अपने घर मुजफ्फरनगर गए थे। बैंक के सीनियर कर्मचारी राघवेंद्र अत्री सूचना मिलते ही चाबी लेकर बैंक पहुंचे। सूचना मिलते ही अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, अग्निशमन अधिकारी केएस जादौन घटना स्थल पहुंचे।
बमुश्किल आग पर पाया गया काबू
दमकल विभाग टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो पूरा बैंक आग की चपेट में आ जाता। हालांकि प्रबंधक कार्यालय का एसी, कंप्यूटर और सारा सामान अग्निकांड में जल गया।
आग लगने की वजह साफ नहीं
दमकल विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि प्रबंधक कार्यालय के एसी में ब्लास्ट होने या शॉर्ट सर्किट से आग लगी। रविवार की वजह से बैंक बंद था और कल सोमवार को खुलना था। ऐसे में गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया।