बाप-बेटे समेत तीन की टूट गईं सांसें: दो बाइकों में भीषण टक्कर, हेलमेट भी न बचा पाया जान, एक युवक की हालत गंभीर
Bijnor Accident News : बिजनौर जिले में एक दर्दनाक हादसे में बाप-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया गया कि हेलमेट भी हामिद की जान नहीं बचा सका।
विस्तार
बिजनौर जनपद में मंडी धनौरा के थाना क्षेत्र के गांव चुचैला कलां के निकट चांदपुर मार्ग पर बुधवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार मोहम्मद उमर (60) और उनके पुत्र हामिद (25) की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार आमिर (20) ने भी दम तोड़ दिया। आमिर का भाई अजहर गंभीर रूप से घायल है।
बुधवार की रात ग्राम चुचैला कलां निवासी आमिर अपने छोटे भाई अजहर के साथ बाइक पर सवार होकर फंदेड़ी गांव से आ रहा था। चुचैला कलां के निकट उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रहे बिजनौर के थाना स्योहारा के गांव रवाना शिकारपुर निवासी हामिद की बाइक से हो गई। हादसे में दो बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सरकारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने आमिर, हामिद और मोहम्मद उमर को मृत घोषित कर दिया। जबकि अजहर को गंभीर हालत देखते हुए उसे परिजन बाहर ले गए।
हेलमेट भी हामिद की जान नहीं बचा पाया
गांव रवाना शिकारपुर का रहने वाला हामिद (25) दिल्ली के अलवी नगर में रहकर फ्रीज ठीक करने का काम करता था। पिता मोहम्मद उमर भी साथ रहते थे। बुधवार की दोपहर बाद पिता की इच्छा पर हामिद उनको लेकर बाइक से गांव के लिए चला था। हामिद ने हेलमेट भी पहन रखा था। लेकिन दोनों बाइक की आमने सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट भी हामिद की जान की रक्षा नहीं कर सका।
यह भी पढ़ें: दर्दभरी दास्तां: तलाक देकर आबरू लूटता रहा शौहर, दोस्तों से भी कराता रहा दरिंदगी, आपबीती सुन उड़े अफसरों के होश
बाप-भाई की मौत की सूचना मिलने पर बेसुध हो गया हैदर
पिता व भाई की सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना मिलने पर हैदर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मोहम्मद उमर के दो ही बेटे थे। हैदर व हामिद। हैदर गांव में ही रहकर मजदूरी करता है तो हामिद दिल्ली में रहकर फ्रीज की रिपेयरिंग का काम करता था। पिता काफी अरसे से हामिद के पास ही थे। हैदर ने ही पिता से गांव आने का अनुरोध किया था। उसे क्या पता था कि पिता व भाई से उसकी आखिरी बार बातचीत हो रही है।
यह भी पढ़ें: न कांपे हाथ न दहला कलेजा: मामा ने भांजे पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, हत्या से फैली सनसनी, सामने आई वजह