कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांधकर एक दिन का उपवास रखा
बिजनौर। कांग्रेसियों ने अपने प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अजय कुमार की रिहाई के लिए माथे पर काली पट्टी बांधकर पार्टी कार्यालय पर धरना देकर एक दिन का उपवास रखा।
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने पार्टी कार्यालय पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेसियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रण लिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने माथे पर काली पट्टी बांधकर पार्टी कार्यालय पर उपवास रखा। वक्ताओं ने कहा कि योगी सरकार मजदूरों की मदद करने में नाकाम साबित हो चुकी है। कांग्रेस ने मजदूरों को उनके घर भेजने में मदद की कोशिश की तो प्रदेश सरकार ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार को गिरफ्तार करा लिया। प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने सरकार से प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार को रिहा कराने की मांग की। इस दौरान नजाकत अलवी, मुनीश त्यागी, मीनू गोयल, साजिदा बेगम, शमीम कुरैशी, दलीप सिंह चौहान, प्रशांत गोयल आदि मौजूद रहे।