किसानों ने एसडीओ को एक घंटे तक धूप में बैठाया
कोतवाली देहात। भाकियू (भानू) के कार्यकर्ताओं ने बिजली की समस्याओं के समाधान को लेकर अकबराबाद बिजलीघर पर धरना दिया। बिजली घर अकबराबाद पर बुलाने के बाद भी एसडीओ के नहीं पहुंचने से क्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने कोतवाली देहात एसडीओ आफिस पर एसडीओ विकास कुमार को एक घंटे तक धूप में बैठाया। किसानों ने बिजली समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र एसडीओ को सौंपा।
भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष चौधरी कुलबीर सिंह के नेतृत्व में बुधवार को कार्यकर्ता बिजली घर अकबराबाद पर जर्जर विद्युत तारों को शीघ्र बदलने, किसानों के काटे बिजली कनेक्शन को शीघ्र जोड़ने, बिजली कटौती की समस्या दूर करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे गए। किसानों ने धरना स्थल पर एसडीओ को आने की मांग की, लेकिन एसडीओ अकबराबाद वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद किसान एसडीओ ऑफिस कोतवाली देहात पहुंचे और एसडीओ विकास कुमार को धूप में दरी बिछाकर अपने बीच एक घंटे बैठाये रखा। किसानों ने अपनी मांग संबंधित एक मांग पत्र एसडीओ को सौंपा। एसडीओ के समस्या का शीघ्र निस्तारण के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। धरना स्थल पर जिलाध्यक्ष कुलवीर सिंह के अलावा विनीत कुमार, राजू चेयरमैन, फत्तू सिंह,सोनू कुमार, हेमेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, गौरव कुमार, गुड्डू पंडित, शुभम,बनारसी सिंह, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।