Bijnor: दहेज की भूख ने ली नवविवाहिता की जान, 10 लाख और वैगनआर न मिलने पर हत्या का आरोप
धामपुर थाना क्षेत्र के सेढा गांव में 10 लाख रुपये और वैगनआर कार की मांग पूरी न होने पर 22 वर्षीय विवाहिता की हत्या का आरोप। मृतका के चाचा ने पति समेत छह लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दी।
विस्तार
धामपुर थाना क्षेत्र के गांव सेढा में दहेज में 10 लाख रुपये और वैगनआर कार की मांग पूरी न होने पर 22 वर्षीय विवाहिता महविश की हत्या कर दी गई। मृतका के चाचा नौशाद ने पति कलीम समेत अन्य छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी है।
शादी के बाद से हो रहा था उत्पीड़न
चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव हीमपुर बुजुर्ग निवासी परिजनों ने बताया कि महविश की शादी करीब नौ महीने पहले सेढा गांव निवासी कलीम से हुई थी। शादी के बाद से ही पति कलीम, उसकी मां फरजाना, चचेरा ससुर वसीम, भाई साहिल, बहन और बहनोई दहेज में वैगनआर कार और नकद 10 लाख रुपये की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 18 दिसंबर को आपके शहर में क्या हुआ
पहले भी सुलह का प्रयास हुआ, नहीं माने आरोपी
मृतका के चाचा नौशाद ने बताया कि एक माह पहले मामले की जानकारी मिलने पर परिवार ने समझौते का प्रयास भी किया था। शादी में पहले ही पांच लाख रुपये नकद और सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
फांसी लगाकर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को दहेज की मांग को लेकर महविश के साथ मारपीट की गई और बाद में फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। सुबह करीब 10 बजे ससुराल पक्ष ने सूचना दी कि महविश ने फांसी लगा ली है और उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। जब परिजन करीब 11:30 बजे गांव पहुंचे तो शव चारपाई पर पड़ा था और सभी आरोपी फरार थे।
कोरे कागज पर अंगूठा लगवाने का आरोप
परिजनों ने बताया कि एक माह पहले आरोपी कलीम ससुराल आया था और धमकाते हुए महविश और उसकी मां इदरीशा से कोरे कागज पर अंगूठा निशान लगवाने का प्रयास किया था, जिसे उन्होंने मना कर दिया था। आरोप है कि इसी रंजिश में साजिश के तहत हत्या की गई।
पिता बेंगलुरु में करता है काम
मृतका महविश के पिता इरशाद बेंगलुरु में सैलून का काम करते हैं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें महविश दूसरे नंबर की बेटी थी। परिजनों ने बताया कि महविश कुरान शरीफ पढ़ी हुई थी, पांचवीं कक्षा तक पढ़ी थी और स्वभाव से शांत थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।