बिजनौर: डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सभा आज, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
बिजनौर में भाजपा की जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रविवार को चांदपुर पहुंच रहे हैं, जिनकी जनसभा को लेकर डीएम और एसपी ने दौरा किया। उन्होंने तमाम इंतजामों के साथ साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
शनिवार को डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह चांदपुर के गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज में पहुंचे। उन्होंने जनसभा को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। हेलीपैड का निरीक्षण किया। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर : अनुपस्थित 11 अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश, अच्छा कार्य करने वाले लेखपाल होंगे सम्मानित
प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय चुनाव सह प्रभारी सांसद संजय भाटिया और जिला प्रभारी हरिओम शर्मा ने बताया कि जन विश्वास यात्रा के रथ का पूजन रविवार को दस बजे विदुर कुटी से किया जाना था लेकिन थोड़ा विलंब हुआ है। मुख्य सभा का आयोजन चांदपुर के गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज में होना है। जिसमें मुख्य अतिथि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, विशिष्ट अतिथि केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे।
जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ चांदपुर से किया जाएगा। बिजनौर में विभिन्न स्थानों से होते हुए सोमवार को जन विश्वास यात्रा मुजफ्फरनगर पहुंचेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
चांदपुर में जनसभा को लेकर एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी देहात रामअर्ज के नेतृत्व में छह सीओ, 16 निरीक्षक, सौ दरोगा, 500 सिपाही और दो कंपनी पीएसी तैनात की गई है। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं।