प्रशासनिक अधिकारियों ने भूमि खाली करने का दिया फरमान
भागूवाला/नजीबाबाद। सीएम के गंगा यात्रा कार्यक्रम को मद्देनजर प्रशासन ने कोटावाली नदी के पास हाईवे किनारे झोपड़ पट्टी डालकर रह रहे लोगों से भूमि खाली करने का फरमान जारी किया है। अपने आवासों को बचाने के लिए लोग अब मुख्यमंत्री से समस्या निस्तारण की मांग करेंगे।
भागूवाला क्षेत्र में कोटावाली नदी के निकट हाईवे के किनारे दो दशकों से मजदूर-पेशा परिवार रह रहे हैैं। झोपड़ी में रहने वाले लोगों की आजीविका कोटावाली से खनन ट्रकों में खनन सामग्री लोड करने पर टिकी है। सबलगढ़ क्षेत्र में मुख्यमंत्री का गंगा यात्रा कार्यक्रम को देखते हुए अधिकारियों ने हाइवे के किनारे अवैध कब्जे को लेकर झोपड़ पट्टी के लोगों से भूमि खाली कराने फरमान जारी किया है। रामबेटी, आराम सिंह, कांति देवी, सुनील का कहना है कि उनका परिवार दो दशकों से कोटावाली नदी के किनारे रहकर खनन कार्य कर अपने परिवार को पेट भर रहा है। विशाल, मनी सिंह, ज्योति, लक्की, तारावती, अनारकली, गंगाधर, गीता आदि का कहना है कि मुख्यमंत्री के समक्ष वह अपनी समस्याओं को रखेंगे। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर भूमि खाली न करने की गुहार लगाई है।