बिजनौर। डाकबंगला तीसरी आंख की पहरेदारी में रहेगा। इसके लिए डाकबंगले में 15 सीसीटीवी लगवाए गए हैं। एक कक्ष को कंट्रोल रूम में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन और पुलिस के अफसरों समेत 300 पुलिसकर्मी भी रात में पहरेदारी करेंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है।
यह जिले के लिए गौरव की बात है कि सीएम योगी बिजनौर में रात्रि प्रवास करेंगे। इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन को सीसीटीवी से लैस कर दिया गया है। अलग अलग जगहों पर 15 सीसीटीवी लगवाए गए हैं। खुद प्रतिसार निरीक्षक कैमरे लगवाने के लिए डाकबंगले में डटे रहे। एक कक्ष को कंट्रोल रूम में तब्दील कर दिया गया है। जिसमें बैठकर पुलिसकर्मी डाकबंगले में लगे सीसीटीवी की फुटेज पर नजर बनाए रहेंगे।
आस पास के भवनों को भी निगरानी की जद में लिया गया है। डाकबंगले में एक एडीशनल एसपी, तीन सीओ, पांच इंस्पेक्टर, दो एसडीएम, दो तहसीलदार समेत 300 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। ये सुरक्षा के बाहरी घेरे में रहेंगे, जबकि सीएम के सुरक्षा दल का घेरा अंदर की तरफ रहेगा। डाकबंगले के पास एक होटल को भी बंद कराया गया है।