चार प्राइमरी स्कूलों के भवनों का निर्माण पूरा
धामपुर। अब नगर क्षेत्र में बेसिक विभाग की ओर से संचालित प्राइमरी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को बदहाल स्कूल भवन में बैठकर नहीं पढ़ना पडे़गा। विनियमित क्षेत्र कार्यालय की ओर से नगर क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय परिसर में एक ही स्थान पर चल रहे चार प्राइमरी स्कूलों केबदहाल भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण पूरा हो गया है। रविवार को विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता सत्यप्रकाश ने टीम के साथ भवन का तकनीकी मुआयना करने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इन्हें हैंडओवर कर दिया।
गौरतलब है कि पहले इन सभी स्कूलों के भवनों की स्थिति बेहद जर्जर थी। छत हल्की बारिश में भी टपकती रहती थी। झाड़ झंकार खड़े थे, जिनमें आए दिन विषधर स्कूल परिसर में विचरण करते देख जाते थे। विनियमित क्षेत्र के जेई सत्यप्रकाश ने बताया कि धामपुर नगर क्षेत्र के बीईओ कार्यालय परिसर में संचालित होने वाले चार स्कूलों के भवनों की दशा बेहद खराब थी। एक साल पहले शिवाजी प्राइमरी स्कूल, गोपाल कृष्ण गोखले, तिलक व सुभाष प्राइमरी स्कूलों के जर्जर भवनों को ध्वस्त कर करीब 40 लाख रुपये की लागत से नए भवनों का निर्माण किया गया है। तकनीकी दृष्टि से स्कूल भवनों को बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इस मौके पर विनियमित क्षेत्र कार्यालय के वरिष्ठ बाबू योगेंद्र कुमार, ठेकेदार योगेंद्र सिंह आदि रहे।