रसूलपुर-चकफेरी मार्ग की हालत जर्जर
कादराबाद। रसूलपुर चकफेरी मार्ग की हालत जर्जर होने से दर्जनों गांव के लोग परेशानी झेल रहे हैं। सड़क में हो रहे बड़े-बड़े गड्ढों में जलभराव से इस मार्ग से निकलना दूभर हो रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाकर डीएम से मार्ग के निर्माण की गुहार लगाई है।
रसूलपुर, रसूलाबाद, तुरतपुर आदि गांव के दिलेहसन, शकरू, मुख्तियार, जलालुद्दीन, सतेंद्र आदि का कहना है उनके गांव से मुख्य मार्ग लगभग 10 किमी है। लिंक मार्ग पर कई गांवों के बच्चे साइकिल आदि से विद्यालय जाते हैं। इस मार्ग की हालत जर्जर होने से बच्चे आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। किसानों को ट्रैक्टर ट्राली आदि वाहनों से गन्ना सप्लाई करने में दिक्कत हो रही है। आरोप है कि जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कई बार मार्ग बनवाने की गुहार लगाई गई। उधर, जेई एके एंथोनी का कहना है कि मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।