Bijnor: खराब सड़क बनवाने की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ी महिला, नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
गजरौला शिव की कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव हमीरपुर में एक तरफ लोग भाईदूज पर्व मना रहे थे। वहीं, दूसरी तरफ गांव की महिला अपने घर के सामने खस्ताहाल सड़क बनाने और ट्रांसफार्मर हटाने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला बुधवार की देर शाम तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ी रही।
विस्तार
बुधवार को ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल की ग्राम पंचायत यूसुफपुर हमीद उर्फ हमीदपुर में गांव की महिला मीनाक्षी (45) पत्नी अरविंद कुमार अपने घर के सामने रास्ता बनवाने को लेकर बुधवार की शाम चार बजे गांव में ही बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला को पानी की टंकी से नीचे उतरने को कहा तो महिला ने अपने घर के सामने सड़क बनवाने व घर के पास में रखे बिजली ट्रांसफार्मर को हटवाने की मांग की। पुलिस के काफी समझाने के बाद भी महिला टंकी से नीचे नहीं उतरी। महिला सदर विधायक व उच्च अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही।
महिला का कहना है कि उसके घर के सामने बने आम रास्ते पर आज भी कीचड़ में पानी भरा है। आए दिन स्कूली बच्चे व ग्रामीण फिसल कर गिर रहे हैं। दो साल से रास्ता खराब है, लेकिन कोई सुन नहीं रहा है। महिला व ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान के लड़के ने अपने घर के सामने मिट्टी डालकर सीसी रोड ऊंची करके बना दी है। जिससे पीछे रास्ते पर पानी भरा रहता है, पानी निकासी की कोई जगह नहीं है। रास्ते के दोनों साइड में नाली भी नहीं है। महिला के एक पुत्र शुभ व एक लड़की ईशु है। जबकि महिला बिजनौर प्राइवेट पब्लिक स्कूल में टीचर है। महिला का पति स्कूल में गाड़ी चलाता है।
रास्ता बनाने को पहले दिया था धरना
ग्रामीणों ने रास्ता बनवाने के लिए करीब छह माह पहले तीन दिन तक धरना दिया था। उस समय भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला। ग्रामीण उच्चाधिकारियों तक के सामने इस समस्या को उठा चुके हैं। मामला ज्यों का त्यों है।
महिला की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल
महिला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें महिला रोते हुए प्रधान पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रही है। महिला कह रही है कि यह उसकी आखिरी वीडियो है। उसकी मौत के जिम्मेदार हमीरपुर के गांव वाले होंगे। पुलिस सहित अन्य जगह शिकायत लेकर पहुंची, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
आशीष सक्सेना, तहसीलदार, बिजनौर
सड़क नहीं बनने से परेशान महिला के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिली है। गांव में टीम भेजी गई है। प्रधान ने अपने घर के सामने सड़क बनवा ली थी। महिला के घर के सामने सड़क नहीं बनवाई। महिला को टंकी से नीचे उतरवाया जा रहा है। सड़क के निर्माण का काम भी शुरू कराया जा रहा है।