बिजनौर। मालन नदी के किनारे ही औद्योगिक गलियारे का निर्माण कराने की मांग को लेकर किसान डीएम से मिले और मांग पत्र सौंपा। किसानों ने सभी उपजाऊ भूमि का सर्किल रेट एक समान करने और इसे बढ़ाकर छह गुना मुआवजा देने की मांग की है।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू, प्रदेश सचिव कैलाश लांबा ने कहा कि यूपीडा की टीम द्वारा औद्योगिक गलियारे में मालन नदी के पास की कुछ भूमि छोड़ी जा रही है जबकि अन्य किसानों की भूमि अधिग्रहण की जा रही है जो अनुचित है। मालन नदी के किनारे स्थित समस्त भूमि को समान रूप से अधिग्रहण में लिया जाए तथा निर्माण मालन नदी के किनारे से ही किया जाए। साथ ही ग्रामवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक गलियारा ग्राम सीमा से कम से कम 200 मीटर दूर बनाया जाए, इसके अतिरिक्त उक्त क्षेत्र में लगभग 1700 बीघा भूमि ग्राम समाज की भी है। ज्ञापन देने वालों में अभिनव चौधरी, नरेश कुमार, अनुज, आशीष चौधरी, पवन, बलराम सिंह, अमित, केहर सिंह, सुरेश कुमार आदि रहे।