UP: नगीना ने पूरे देश को चौंकाया, बिजनौर में बना RLD का सांसद, दिलचस्प हैं आंकड़े, चंद्रशेखर ने कही बड़ी बात
Bijnor News : नगीना लोकसभा सीट पर हुई जीत ने पूरे देश को चौंका दिया है। वहीं, बिजनौर में रालोद का सांसद हैं। इन दोनों सीटों के आंकड़े बेहद दिलचस्प हैं। उधर, जीत हासिल करने के बाद चंद्रशेखर ने यह बड़ी बात कही।
विस्तार
मंगलवार को रालोद उम्मीदवार चंदन चौहान ने मतगणना के पहले चक्र से बढ़ता बना ली। चंदन चौहान को 404493 मत मिले। जिन्होंने 37508 मतों से सपा के उम्मीदवार दीपक सैनी को हरा दिया। सुबह से लेकर शाम तक मतगणना के नतीजे आने तक परिणामों में उतार चढ़ाव चलता रहा है। शुरुआती चक्र में बढ़त बनाने के बाद दोपहर बाद चंदन चौहान सपा उम्मीदवार से पीछे हो गए थे। मगर बाद के चक्रों की मतगण में चंदन चौहान ने अंतर को कम ही नहीं किया बल्कि नतीजे आने तक फिर से बढ़त बना ली।
उधर, बसपा उम्मीदवार बिजेंद्र सिंह दस से 11 बजे तक चले मतगणना के चक्र में दूसरे नंबर पर भी रहे मगर बाद में सपा उम्मीदवार से पिछड़ते चले गए। बता दें कि बिजनौर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा रालोद गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी के तौर पर मीरापुर से विधायक चंदन चौहान को रालोद ने मैदान में उतारा था। बिजनौर सीट पर कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। चंदन चौहान की जीत होने पर रालोद ही नहीं बल्कि भाजपाइयों के चेहरे पर भी खुशी की लहर दौड़ पड़ी। फूल मालाओं से विजयी उम्मीदवार चंदन चौहान का जगह जगह स्वागत किया गया। चंदन चौहान को पोस्टल मत भी 1889 सर्वाधिक मिले हैं। बिजनौर सीट पर 4446 ने नोटा का बटन दबाया।
किसे-कितने मिले वोट
पार्टी उम्मीदवार मिले मत मत प्रतिशत
रालोद चंदन चौहान 404493 39.48
सपा दीपक सैनी 366985 35.82
बसपा बिजेंद्र 218986 21.38
जसपा अ. बरी 8072 0.79
मजपा फरमान 2343 0.23
पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया राजपाल 2373 0.23
मजदूर किसान यूनियन पार्टी रामधन सिंह 2105 0.21
निर्दलीय चंदन सिंह 2176 0.21
निर्दलीय जहीर 2788 0.27
निर्दलीय दीपक कुमार 7318 0.71
निर्दलीय मो. शाहजद 2347 0.23
51 फीसदी वोट हासिल कर नगीना के सिरमौर बने चंद्रशेखर
नगीना की जनता ने प्रमुख राजनैतिक पार्टियों को नकारते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर पर भरोसा किया और संसद भेजा है। चंद्रशेखर आजाद ने 51.19 फीसदी वोट हासिल कर करीब डेढ़ लाख मतों के अंतर से चुनाव जीत लिया। जिन्होंने भाजपा के उम्मीदवार और नहटौर के मौजूदा विधायक ओमकुमार को पटखनी दी है। वहीं, सपा प्रत्याशी मनोज कुमार तीसरे नंबर पर रहे जबकि बसपा के सुरेंद्र सिंह को महज 13272 ही वोट मिल सके।
मंगलवार की सुबह आठ बजे से वेयर हाऊस में मतगणना शुरू हुई। मतगणना के पहले चक्र से ही आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर ने बढ़त बना ली थी, जो आखिरी चक्र तक बढ़त बनाए रहे और चुनाव जीत लिया। चंद्रशेखर को 513140 वोट मिले हैं जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा उम्मीदवार ओमकुमार 360491 वोट ही हासिल कर सकें। चंद्रशेखर 151473 वोटों से सांसद चुने गए।
वहीं, सपा उम्मीदवार पूर्व जज मनोज कुमार को महज 102104 वोट ही मिले सके। बसपा उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह को सिर्फ 13212 मतों पर संतोष करना पड़ा। इस तरह से भाजपा उम्मीदवार दूसरे, सपा उम्मीदवार तीसरे और बसपा उम्मीदवार चौथे नंबर पर रहे। मतगणना समाप्त होने पर डीएम अंंकित कुमार अग्रवाल ने नगीना लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज कराने वाले चंद्रशेखर आजाद को प्रमाण पत्र सौंपा।
पोस्टल में भी विजयी रहे चंद्रशेखर
चंद्रशेखर आजाद को 1328 पोस्टल वोट मिले हैं जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा उम्मीदवार को 740 पोस्टल वोट ही मिल सके। सपा उम्मीदवार मनोज कुमार को 270 पोस्टल वोट मिले हैं, बसपा के उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार को 60 और निर्दलीय जोगेंद्र को नौ तथा निर्दलीय संजीव कुमार को छह पोस्टल वोट मिले हैं।
ये मिले मत
पार्टी उम्मीदवार मिले वोट
आसपा चंद्रशेखर 513140
भाजपा ओमकुमार 360491
सपा मनोज कुमार 102374
बसपा सुरेंद्र पाल 13212
निर्दलीय जोगेंद्र 4509
निर्दलीय संजीव कुमार 2195
5307 वोटर ने सभी को नकारा
नगीना लोकसभा क्षेत्र में 5307 वोटरों ने सभी को नकार दिया। इन्हें एक भी उम्मीदवार पसंद नहीं आया, इसलिए नोटा का इस्तेमाल किया। 5287 मतदाताओं ने नोटा के लिए ईवीएम का बटन दबाया जबकि 20 पोस्टल मत भी नोटा को मिले।
नगीना में महज 1.33 फीसदी पर सिमटी बसपा
नगीना लोकसभा क्षेत्र में बसपा महज 1.33 फीसदी वोटों तक ही सिमट कर रह गई हैं। सपा को भी सिर्फ 10.22 फीसदी वोट ही मिल सके। उधर, सत्ताधारी पार्टी भाजपा को नगीना लोकसभा क्षेत्र में 36.6 फीसदी मतों पर ही संतोष करना पड़ा। आसपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
इंडिया गठबंधन के नेता समझदारी दिखाते तो परिणाम अलग होता: चंद्रशेखर
नगीना। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सीट से सांसद निर्वाचित होने वाले चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता यदि समझदारी दिखाते तो परिणाम और बेहतर हो सकते थे। इसके अलावा उन्होंने हर रोज जनता के लिए काम करने की बात कही। नगीना कीजनता ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें आशीर्वाद देकर जिताया है, वह उन सभी की उम्मीद पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि नगीना की जनता के लिए वह अब हर रोज काम करके दिखाएंगे। चंद्रशेखर ने साफ सुथरी मतगणना कराने के लिए अधिकारियों का भी धन्यवाद किया।