Bijnor: डिश ठीक करने छत पर चढ़ा युवक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आया, मौत
बिजनौर के सलेमपुर गधेली गांव में डिश ठीक करने छत पर चढ़ा युवक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की मौत हो गई। मृतक बरूकी गांव का निवासी था।
विस्तार
बिजनौर कोतवाली देहात के ग्राम सलेमपुर गधेली में शनिवार को डिश ठीक करने पहुंचे युवक की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान ग्राम बरूकी निवासी अंकुल (22 वर्ष) पुत्र सुरेश के रूप में हुई है। अंकुल डिश टीवी ठीक करने का कार्य करता था। शनिवार को वह किसी ग्राहक के घर सलेमपुर गधेली गांव में डिश सेटअप सही करने पहुंचा था।
यह भी पढ़ें:Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 5 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
छत पर काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अंकुल छत पर चढ़कर डिश एलाइन कर रहा था, तभी छत के पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। बिजली की चपेट में आने से अंकुल गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे नजदीकी चिकित्सक के पास लेकर गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने अंकुल को मृत घोषित कर दिया।
घर में मचा कोहराम
जैसे ही युवक की मौत की खबर गांव पहुंची, बरूकी गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने हादसे को लेकर बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।