खास स्टोरी: एक लाख की नौकरी छोड़ चाय बेचने लगे मोहित, उनके हाथ में ऐसा स्वाद, पीएंगे तो आप भी करेंगे खूब तारीफ
Bijnor special report : जो युवक नौकरी न मिलने के बाद घर बैठ जाते हैं, यह खबर उनके लिए बहुत जरूरी है। पढ़िए कौन है मोहित शर्मा, जिन्होंने एक लाख की नौकरी छोड़कर चाय की दुकान से पहचान बनाई।
विस्तार
बिजनौर जनपद के स्योहारा में एमसीए चाय वाला चाय के तलबगारों का नया ठिकाना बना है। स्वाद की चुस्की संग एमसीए पास चाय वाले की हिम्मत और हौसले की चर्चा भी गली-गली हो रही है। एमसीए चाय वाला मोहित शर्मा ऐसे युवाओं के लिए प्ररेणा बन रहा है, जो नौकरी नहीं लगने से खाली घर बैठे हुए हैं। क्योंकि उसने दिल्ली में प्राइवेट सेक्टर में एक लाख रुपये की नौकरी छोड़ स्योहारा में चाय की दुकान शुरू की है।
स्योहारा-मुरादाबाद रोड पर स्थित एमसीए चाय वाला नाम से चाय की दुकान का जादू युवाओं के सिर पर चढ़ कर बोल रहा है। शाम हो या सुबह युवाओं की टोली चाय, मैगी व शीतल पेय पदार्थ का आनंद लेते दिखाई देते हैं। मोहल्ला हिन्दू चौधरियान निवासी मोहित शर्मा पुत्र चंद्र प्रकाश शर्मा ने वर्ष 2013 में उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी से एमसीए किया था। उसके बाद आठ साल तक प्राइवेट सेक्टर दिल्ली में एक लाख रुपये प्रति माह की नौकरी की। दिल्ली शहर में खर्च अधिक होने पर बचत बहुत कम हो रही थी। जिसके बाद मोहित शर्मा ने मुरादाबाद रोड पर एमसीए चाय वाला के नाम से चाय व मैगी की दुकान शुरू की।
मोहित शर्मा बताते हैं कि बहुत कम समय में उनकी दुकान प्रसिद्ध हो गई। दूर-दूर से युवा उनकी दुकान पर चाय पीने व मैगी खाने आते हैं। मोहित शर्मा युवाओं को प्रेरणा देते हैं कि कोई काम छोटा नहीं होता है। कई बार डिग्री धारक युवा नौकरी न मिलने पर अपना काम करने में संकोच करते हैं। वह इस दुकान से हर माह करीब डेढ़ लाख रुपये तक कमाते हैं। जिसमें से हर महीने उन्हें पचास हजार रुपये से अधिक की बचत हो रही है।
यह भी पढ़ें: Shamli: किशोर की हत्या में बड़ा खुलासा, कुकर्म के बाद गला दबाकर दी थी मौत, पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोए आरोपी
पीतल के पतीले में चाय बनाते हैं मोहित
मोहित शर्मा का कहना है कि अपनी चाय को खास बनाने के लिए कोई मसाला नहीं लगाते हैं। वह चाय पीतल के पतीले में बनाते हैं। जिससे उनकी चाय का स्वाद अलग है। वह चाय में ऐसा कोई पदार्थ नहीं डालते हैं, जिससे युवाओं को हानि पहुंचे।
यह भी पढ़ें: परिवार पर टूटा कहर: पिता की अर्थी का सामान लेने गए जवान बेटे की सदमे में मौत, घर से एक साथ उठीं दो अर्थियां