Bijnor News: एनकाउंटर के खौफ से हाथ जोड़कर थाने पहुंचा हिस्ट्रीशीटर, अपराध न करने की खाई कसम
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अपराध पर पुलिस ने सख्ती दिखाई तो अपराधियों में खलबली मच गई। बुधवार को एक हिस्ट्रीशीटर हाथ जोड़कर कोतवाली पहुंचा। यहां उसने पुलिस अधिकारियों के सामने भविष्य में कभी अपराध न करने की खसम खाई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अपराध पर पुलिस का शिकंजा कसता देख एक हिस्ट्रीशीटर हाथ जोड़कर शहर कोतवाली में दाखिल हुआ। जिसने अपराध नहीं करने की कसम खाई। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को हर बुधवार को उपस्थिति दर्ज कराने की हिदायत दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव टिक्कोपुर का रहने वाला सावेज पुत्र जाहिद हिस्ट्रीशीटर है। जिसके खिलाफ करीब 12 केस दर्ज हैं। इस हिस्ट्रीशीटर कुछ महीने पहले ही चोरी के मामले में जेल भेजा गया था। फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर आया।
यह भी पढ़ें: Saharanpur News: पैसा हड़पने के मामले में खनन माफिया हाजी इकबाल की संपत्ति कुर्क, भारी पुलिस बल रहा मौजूद
हिस्ट्रीशीटर के घर मंगलवार को पुलिस ने दबिश दी थी, जिसके चलते बुधवार को सावेज हाथ जोड़ते हुए थाने में पहुंचा। हिस्ट्रीशीटर ने कोतवाल नरेंद्र गौड़ के समक्ष अपराध या चोरी नहीं करने की कसम खाई। हिस्ट्रीशीटर का कहना था कि वह अब मजदूरी कर लेगा लेकिन अपराध नहीं करेगा।
अपराधियों में मचा हड़कंप
क्षेत्र में बढ़ रही चोरी को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र के अपराधियों पर शिकंजा कसना चालू कर दिया है। पिछले कई दिनों से चोर और बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जिसके चलते अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सप्ताह में एक बार इनकी हाजिरी थाने पर लगती है। हिस्ट्रीशीटरों का हाल ही में सत्यापन कराया गया है। शहर कोतवाली में भी एक हिस्ट्रीशीटर हाथ जोड़कर उपस्थिति दर्शाने आया था। जिसने अब अपराध नहीं करने की कसम खाई है। -डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी सिटी