Bijnor: चार घंटे तक चली नजीबाबाद कोतवाल के हाथ की सर्जरी, कुत्ते ने चबा डाली थी बाजू
बिजनौर में आवारा कुत्ते के हमले से जख्मी हुए नजीबाबाद कोतवाल की चार घंटे तक हाथ की सर्जरी चली। उनका हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गया था, उंगलियों के साथ-साथ कोहनी से नीचे तक कुत्ते ने चबा डाला था। जिसके बाद जख्मी हाथ की प्लास्टिक सर्जरी की गई है।
विस्तार
बिजनौर में आवारा कुत्ते के हमले से जख्मी हुए नजीबाबाद कोतवाल फिलहाल मेरठ के अप्स नोवा अस्पताल में भर्ती हैं। उनके हाथ पर प्लास्टिक सर्जरी की गई है जो रात चार घंटे तक चली। कोतवाल को अभी पांच से छह दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ेगा।
मंगलवार की देर शाम प्राथमिक उपचार देने के बाद शहर कोतवाल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। रात में करीब 10 बजे उन्हें मेरठ के अप्स नोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने रात में 11 बजे उनके हाथ का ऑपरेशन शुरू किया।
हथेली और उंगलियों पर थे खतरनाक जख्म
हाथ हथेली और उंगलियों पर इस तरह जख्म बने हुए थे कि डॉक्टर को प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ी। क्योंकि सिर्फ टांके भरने से काम नहीं चलने वाला था। रात तीन बजे तक प्लास्टिक सर्जरी की गई।
यह भी पढ़ें: Meerut: कूच बिहार ट्रॉफी यूपी ने 146 रन से जीता मैच, चौथे दिन केरल 207 रन पर सिमटी
तीमारदारी में लगे नजीबाबाद कोतवाली के चालक राजीव ने बताया कि कोतवाल की हालत में सुधार है और अभी पांच से छह दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ेगा। सुबह कुछ देर के लिए होश आने पर कोतवाल राधेश्याम ने बातचीत भी की।
कुत्ते ने पहले पकड़ा था पैर फिर हाथ मुंह में भर लिया
मंगलवार की शाम पांच बजे कोतवाल ने पुलिस फोर्स के साथ नजीबाबाद में पैदल मार्च किया। इसके बाद क्षेत्र की गश्त पर जलालाबाद की ओर निकल गए। कोतवाल राधे श्याम के संग दो हमराह थे। जबकि गाड़ी प्रदीप कुमार चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शी चालक प्रदीप कुमार के अनुसार जलालाबाद में ओवर ब्रिज से उतरते ही उनकी गाड़ी से 10 कदम दूर पर एक आवारा कुत्ता बाइक की चपेट में आ गया। जिसे बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। कोतवाल ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और हमरा सिपाहियों को बोला कि इन्हें तुरंत उठाकर अस्पताल में ले चलो।
गाड़ी में पीछे की तरफ बैठे दोनों हमराह उतर कर सड़क पर पड़े घायल युवकों के पास तक ही पहुंचे थे कि तभी कुत्ते ने कोतवाल के पैर में काट लिया। यह वही कुत्ता था कि जोकि बाइक से टकराया था। प्रदीप कुमार ने बताया कि शायद इस कुत्ते ने समझा हो कि पुलिस की गाड़ी ने उसे टक्कर मारी है।
यह भी पढ़ें: Murder: विवाहित बहन और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या, आरोपी भाई बोला-बहुत बदनामी हो रही थी, मार डाला
कोतवाल ने कुत्ते के जबड़े से अपना पैर छुड़ाने के लिए हाथ से उसे हटाना चाहा तो उसने हाथ में गहरे जख्म कर दिए। उंगली और हथेली चबा डाली। उधर दोनों हमराह सिपाही सड़क पर घायल पड़े तीनों युवकों को उठा रहे थे। इसी बीच चालक ने दौड़कर कुत्ते को भगाना भी चाहा, तब तक वह कोतवाल को बुरी तरह से घायल कर चुका था।