Bijnor: नायब तहसीलदार ने सरकारी आवास में खुद को गोली मारी, उपचार के दौरान दम तोड़ा
बिजनौर सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार ने अपने सरकारी आवास में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। डीएम जसजीत कौर और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे हैं।
विस्तार
गोली लगते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में राजकुमार को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ा एलान: रालोद सांसद-विधायक देंगे एक माह का वेतन, जयंत चौधरी ने की घोषणा
फिलहाल इस घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तहसील परिसर के कमरे की तलाशी ली। बताया गया कि गोली चलने के बाद कमरा अंदर से बंद हो गया था, जिसे तोड़कर बाहर निकाला गया।
पुलिस को मौके से नायब तहसीलदार की लाइसेंसी पिस्टल मिली है। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों को खंगाल रही है, ताकि घटना की वजह सामने आ सके।
बताया गया कि नायब तहसीलदार राजकुमार बागपत के गांव कुरडी गांव निवासी हैं, इन दिनों वह बिजनौर में तैनात थे। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी चर्चा है कि परिवार में किसी प्रकार की कलह चल रही थी। नायब तहसीलदार ने तनाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि परिजन या पुलिस और अफसर आत्महत्या के कारण पर बोलने को तैयार नहीं है।