Bijnor: सड़क किनारे मिला नईम का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका…,जनाजे में उमड़ा सैलाब
बिजनौर के ताजपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर नईम अंसारी का शव सड़क किनारे मिला। परिजन इसे हत्या मान रहे हैं। जनाज़े में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पुलिस जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची।
विस्तार
बिजनौर जनपद के राजा का ताजपुर में सोमवार रात से लापता चल रहे प्रॉपर्टी डीलर नईम अहमद अंसारी का शव मंगलवार सुबह नूरपुर-स्योहारा मार्ग पर खलिया पुल के पास सड़क किनारे मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
नईम ताजपुर के मोहल्ला रहमानिया चौक का रहने वाला था और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। परिजनों ने शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा।
यह भी पढ़ें: UP: 'ऐसे मारा जाता है आदमी...जाकर देखो', ससुराल में साले ने इसलिए प्रॉपर्टी डीलर को मार डाला, आकाश का कबूलनामा
शोक में डूबा परिवार और मोहल्ला
मंगलवार शाम जब शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोग नईम के घर पहुंचे। रात्रि ईशा की नमाज़ के बाद कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। जनाज़े में भारी भीड़ उमड़ी।
पुलिस ने शुरू की जांच
बुधवार को एसपी पीआरओ, एलआईयू व एसओजी टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। टीम ने परिजनों से भी विस्तार से पूछताछ की। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला सड़क दुर्घटना का है या साजिशन हत्या का।
परिजनों ने नईम की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने हर पहलू से जांच का भरोसा दिलाया है।