Bijnor: बाइक पर लिफ्ट लेकर जा रहे अधेड़ की कार की टक्कर से मौत, चालक गंभीर घायल
कोतवाली देहात क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के बरुकी निवासी शौकत (55) मंगलवार शाम एक युवक से बाइक पर लिफ्ट लेकर कोतवाली देहात जा रहे थे। बिजनौर की ओर से आ रहे रवि कश्यप पुत्र बबलू, निवासी ग्राम नरैनी की बाइक पर वह बैठे थे।
कार की टक्कर से हुआ हादसा
शाम करीब तीन बजे गारबपुर के तालाब के पास सामने से आ रही एक कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में अधेड़ की मौत
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पीएचसी कोतवाली देहात पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शौकत को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चालक रवि कश्यप की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कार चालक फरार, वाहन जब्त
हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह भी बाल-बाल बचे थे शौकत
ग्रामीणों के अनुसार, शौकत मंगलवार सुबह साइकिल से जाते समय पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक ट्रक से टकराने से बाल-बाल बच गए थे, लेकिन शाम को वह सड़क हादसे का शिकार हो गए।
