UP: बिजनाैर में चालान के डर से हेलमेट लगाकर कार चला रहा चिकित्सक का ड्राइवर, देखकर बोले लोग-ये क्या माजरा है?
बिजनाैर निवासी शख्स को लोगों ने हेलमेट लगाकर कार ड्राइव करते देखा तो हैरान रह गए। आखिर हेलमेट लगाकर चलने की ऐसा क्या मजबूरी थी। जब उनसे पूछा गया तो पूरा माजरा समझ आया।
विस्तार
कार पर बिना हेलमेट पहनने का जुर्माना लगने के बाद कार चालक ने अब हेलमेट पहनकर कर कार चलाना शुरू कर दिया है। कार चालक जब हेलमेट पहने कार में बैठकर सड़क पर उतरा तो लोग यह नजारा देखकर दंग रह गए।
मामला नगर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.लोकेंद्र सिंह से जुड़ा है। डॉ. लोकेंद्र सिंह ने बताया कि बीते दिनों बिना हेलमेट पहने कार चलाने के कारण उनकी कार का ऑनलाइन चालान कर दिया गया। जब उन्हें ट्रैफिक पुलिस के द्वारा मोबाइल पर चालान का मैसेज मिला तो वह दंग रह गए।
ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए चिकित्सक के मैनेजर कार में हेलमेट लगाकर ही बाहर निकल रहे हैं। डॉ. लोकेंद्र सिंह ने बताया कि कार का चालान मंगलवार की दोपहर 1:06 बजे काटा गया था। जिस कार का चालान काटा गया वह कार पूरे दिन स्कूल परिसर में ही खड़ी थी। जिसकी सीसीटीवी टीवी फुटेज भी कैमरे में कैद है।
उधर कार स्वामी डॉ.लोकेंद्र सिंह ने ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई पर कोर्ट जाने की बात कही है। वही इस मामले में यातायात हेड कांस्टेबल सूर्य प्रताप सिंह का कहना है कि बाइक का चालान करते वक्त त्रुटिवश कार का चालान हो गया। जिसमें वह सुधार कर रहे हैं।