Bijnor:दहशत फैलाने वाला गुलदार पिंजरे में कैद! मीरा देवी की मौत के तीन दिन बाद मिली सफलता
बिजनौर के इस्सेपुर गांव में गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। तीन दिन पहले इसी गुलदार के हमले में 36 वर्षीय महिला मीरा देवी की मौत हुई थी। वन विभाग की टीम ने दर्जनों पिंजरे और ट्रैप कैमरों से निगरानी कर गुलदार को पकड़ा।
विस्तार
बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र के गांव इस्सेपुर में मंगलवार सुबह ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। यहां तीन दिन पहले गुलदार के हमले से महिला मीरा देवी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और गुस्सा दोनों ही माहौल था।
मंगलवार तड़के वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हो गया। जैसे ही इसकी सूचना फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: भाजपा में खलबली: रालोद ने किया अकेले पंचायत चुनाव लड़ने का एलान, अब जयंत चौधरी से बातचीत की तैयारी में नेतृत्व
सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर हरगोविंद सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और गुलदार को सुरक्षित कब्जे में लिया। यह वही स्थान था जहां से महज 10 मीटर की दूरी पर गुलदार ने 14 सितंबर को 36 वर्षीय मीरा देवी पर हमला कर उसकी जान ले ली थी।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और किसानों ने मृतका के शव को लेकर डीएफओ कार्यालय पर घंटों प्रदर्शन किया था। इसके बाद वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया था।
अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक पिंजरे, ट्रैप कैमरे लगाए गए और 10 टीमों को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। ट्रेंकुलाइज टीम भी लगातार गुलदार की गतिविधियों पर निगाह रखे रही। अंततः मंगलवार को गुलदार पिंजरे में कैद हो गया।