Bijnor: छितावर झील की काली मिट्टी से बनेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट पिच, खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
बिजनौर जिले में छितावर की काली मिट्टी से अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच तैयार होगी। इससे खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सुधार होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर जिले में युवाओं की बेहतरी के लिए संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। ऐसे में अब क्रिकेट के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच तैयार कराई जा रही है। छितावर की काली मिट्टी से अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच तैयार होगी। इससे खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सुधार होगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में वर्तमान में साधारण मिट्टी की पिच बनी हुई है। इस मिट्टी पर सिर्फ क्रिकेट सीखा जा सकता है। मगर, बेहतरीन बल्लेबाज और गेंदबाज बनने के लिए काली मिट्टी को बेहतर माना गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच काली मिट्टी से बनाई जाती है। इसके चलते अब स्टेडियम में काली मिट्टी से पिच तैयार कराई जाएगी।
वर्तमान में स्टेडियम में 50 खिलाड़ी क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें 40 लड़के और 10 लड़कियां शामिल हैं। काली मिट्टी मंगाने की जिम्मेदारी एसडीएम सदर को सौंपी गई है। गांव छितावर की झील में अच्छी स्तर की काली मिट्टी मिलती है।
क्रिकेट पिच के लिए इसलिए बेहतर होती है काली मिट्टी
किक्रेट कोच नागेंद्र सारस्वत ने बताया कि काली मिट्टी की पिच बल्लेबाजी, गेंदबाजी के लिए अच्छी होती है। धीमी गति के लिए भारी मात्रा में काली मिट्टी रोल करने वाला ट्रैक प्रस्तावित है। अगर किसी टीम के पास दो अच्छे स्पिनर होते हैं तो विपक्षी टीम का रोशनी के नीचे बल्लेबाजी करना मुश्किल हो जाता है।
काली मिट्टी की पिच से सुधरेगा खेल: धनंजय शर्मा
क्रिकेट खिलाड़ी धनंजय शर्मा दो बार अंडर-19 का कैंप कर चुके हैं। कहना है कि काली मिट्टी से बनी पिच खिलाड़ियों के लिए काफर मददगार होगी। क्योंकि बड़े स्तर मैचाें में काली मिट्टी से बनी पिच ही होती है।
खिलाड़ियों के लिए बेहतर होगा: आदर्श भारद्वाज
क्रिकेट खिलाड़ी आदर्श भारद्वाज भी अंडर-16 में कैंप कर चुके हैं। आदर्श ने बताया कि काली मिट्टी की पिच तैयार होने से प्रतिभा बेहतर होगी। क्योंकि खिलाड़ी अपनी शुरूआत एक ऐसी पिच से करेंगे, जैसी बड़े मैचों के लिए प्रस्तावित होती है।
गेंदबाजी और बल्लेबाजी में आएगा निखार: प्रिंस
क्रिकेट खिलाड़ी प्रिंस ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए काली मिट्टी से बनी पिच बेहतर रहेगी। इस पर खिलाड़ियों की गेंदबाजी और बल्लेबाजी में निखार आएगा। इससे बिजनौर के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगे।
आगे बढ़ने में मिलेगी मदद: कनिका
क्रिकेट खिलाड़ी कनिका का कहना है कि पिच पर काली मिट्टी डालना अच्छा रहेगा। काली मिट्टी से बनी पिच पर खेल सुधरेगा। अच्छा प्रशिक्षण मिलने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। क्रिकेट कोच उन्हें क्रिकेट से संबंधित सभी गुर सिखा रहे हैं।