बिजनौर: डिवाइडर पार कर सामने से आ रही अर्टिगा से भिड़ी आई-10, दो युवकों की मौके पर मौत; दो गंभीर
बिजनौर के धामपुर-नगीना मार्ग पर देर रात आई-10 कार डिवाइडर पार कर अर्टिगा से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
विस्तार
बिजनौर के धामपुर-नगीना मार्ग पर दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से जा रही आई-10 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही अर्टिगा से जा भिड़ी। आमने-सामने की जोरदार टक्कर में आई-10 सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ: रिमझिम बारिश से बदला मौसम, तापमान गिरने से गर्मी से मिली राहत; धान की फसल को नुकसान की आशंका
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार
धामपुर के मोहल्ला स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी गौतम (23) पुत्र स्वर्गीय कमल सैनी, सुमित (24) पुत्र महेंद्र सिंह अपने दोस्त शुभम सैनी पुत्र शीशराम और वासु पुत्र चंद्र सिंह के साथ आई-10 कार से नगीना की ओर से धामपुर लौट रहे थे।
देर रात करीब 12 बजे दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने हाईवे पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान धामपुर से नगीना की ओर जा रही अर्टिगा से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सुमित और गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं शुभम सैनी और वासु की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। अर्टिगा में सवार लोगों को भी हादसे में चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अन्य वाहन से उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया।
चार बहनों का इकलौता भाई था सुमित
हादसे में जान गंवाने वाले सुमित के परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि सुमित चार बहनों का इकलौता भाई था। वहीं गौतम के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पलभर में मातम में बदलीं दो परिवारों की खुशियां
देर रात हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।