लालच बुरी बला: देवरानी-जेठानी ने ऑनलाइन खरीदी भैंस, ठग ने देवर बन जाल में फंसाया, पढ़ें आगे क्या हुआ
Bijnor News : लालच बुरी बला है। यह सभी जानते हैं लेकिन, लोग ठोकर लगने से पहले जागरूक नहीं होते। एक ऐसा ही मामला बिजनौर से सामने आया है। यहां देवरानी और जेठानी ऑनलाइन भैंस खरीदने के चक्कर में ठगी का शिकार हो गईं।
विस्तार
ऑनलाइन या सोशल मीडिया पर यदि कुछ सस्ता दिख रहा है तो सावधान हो जाएं। आपके साथ ठगी हो सकती है। बिजनौर के ग्राम सालमाबाद में देवरानी-जेठानी को सोशल मीडिया पर सस्ती अच्छी नस्ल की भैंस दिखी तो लालच में आ गई। दिए नंबर पर बात की तो ठग भी भाभी जी बोलकर देवर बन बैठा और एक लाख रुपये कीमत की भैंस 35 हजार में घर भेजने का दावा करने लगा। छह हजार रुपये ऑनलाइन खाते में डलवाकर ठग लिए।
थाना कोतवाली शहर के ग्राम सालमाबाद निवासी राकेश की पत्नी रीता और उसकी देवरानी बाला को मोबाइल में एक अच्छी नस्ल कि भैंस सस्ते में मिलने का विज्ञापन दिखाई पड़ा। महिला ने विज्ञापन पर अपनी उंगली दबाई तो एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपको सस्ती भैंस चाहिए। इतना सुनते ही महिलाएं और खुश हो गईं। बात बढ़ी तो ठग ने भी भाभी जी कहकर विश्वास में ले लिया।
फर्जी आधार कार्ड और डेयरी के फोटो भी भेजे
इसके बाद ठग ने एक-दूसरे नंबर पर अपना आधार कार्ड भेजने को कहा। महिला ने अपने पति और देवर का आधार कार्ड भेज दिया। उधर, संदेश आया कि 10 लीटर दूध देने वाली भैंस 35000 और 18 लीटर वाली 45000 में मिलेगी। ठग ने अपना आधार कार्ड भेजा जो अशोक कुमार शर्मा के नाम से राजस्थान के पते पर था। डेयरी का फोटो भी भेजा। महिला ने 10 लीटर दूध देने वाली भैंस खरीदने को कहा तो ठग ने भैंस घर पहुंचाने के नाम पर 6000 रुपये एक खाते में डलवा लिए। इसके बाद भैंस घर भेजने की बात कहकर फोन काट दिया।
यह भी पढ़ें: Blast In Factory: आठ अफसरों को भी न दिखे स्काई बम, पटाखों को बताया केमिकल, पांच मजदूरों की हुई थी दर्दनाक मौत
ठग ने अगले दिन फिर मांगे रुपये
अगले दिन ठग ने फोन करके बताया कि तुम्हारी भैंस दिल्ली बॉर्डर पर आ चुकी है। यहां टैक्स देना पड़ रहा है तो आप 10 हजार रुपये मेरे खाते में डाल दो। इतना सुनते ही महिला को लगा कि कुछ गलत हो रहा है। उसने सारी जानकारी अपने पति को बताई। पति ने उस नंबर पर कॉल किया तो ठग ने उनके ऊपर मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर डरा दिया। तब पीड़िता को समझ आया की ठगी हो गई है। पीड़िता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
यह भी पढ़ें: Photos: मुजफ्फरनगर में किसानों का हल्ला बोल, भाकियू का SSP दफ्तर पर प्रदर्शन, बेरिकेड गिराया