Bijnor: मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की पिकअप पलटी, चार महिलाएं समेत सात घायल
बिजनौर के नहटौर में मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे परिवार का पिकअप वाहन बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गया। हादसे में चार महिलाओं सहित सात लोग घायल हुए हैं।
विस्तार
बिजनौर के नहटौर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे परिवार की पिकअप गाड़ी गांव दबथला के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा उस समय हुआ जब वाहन चालक ने अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। गाड़ी पलटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे में चार महिलाओं सहित कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जनपद शाहजहांपुर के जलालाबाद गांव निवासी वीर सिंह अपने बेटे अभियान का मुंडन कराने के लिए अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मंगलवार रात को हरिद्वार गए थे। बुधवार रात मुंडन कराकर लौटते समय गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे यह हादसा हुआ।
घायलों में वीर सिंह की पत्नी सुमन (40), रिश्तेदार सत्यवती (45), शुर्मिला (38), राम रतन (50), मेवाराम (48), वाहन चालक लाल सिंह (30) और उसकी पत्नी नीलम (30) शामिल हैं। सभी घायल शाहजहांपुर और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे के बाद अन्य रिश्तेदारों को भी सूचना दी गई। नबाब सिंह और रमेश ने बताया कि सभी लोग दो निजी पिकअप वाहनों से हरिद्वार गए थे। वे दूसरे वाहन में थे, जो करीब 35 किलोमीटर आगे निकल गया था और सूचना मिलते ही वापस लौटना पड़ा।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, प्रथम दृष्टया यह मामला वाहन पर से नियंत्रण खोने का प्रतीत हो रहा है।