पासपोर्ट एजेंट की हत्या का खुलासा: मर्डर के बाद चार घंटे तक टीवी देखता रहा आरोपी शकील, पूछताछ में उगला पूरा राज
बिजनौर में पुलिस ने पासपोर्ट एजेंट की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि हत्या के बाद आरोपी चार घंटे तक होटल के कमरे में ही टीवी देखता रहा।
विस्तार
बिजनौर में पासपोर्ट वीजा एजेंट शाहबाज झोझा के गले पर कैंची से वार कर हत्या करने के बाद हत्यारोपी शकील लंबू चार घंटे तक उसी कमरे में टीवी देखता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। लगातार रकम की डिमांड से तंग आकर इस हत्या को अंजाम दिया गया।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने प्रेस वार्ता कर नजीबाबाद के होटल में हुई पासपोर्ट वीजा एजेंट की हत्या का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कान्हा होटल के कमरा नंबर 105 में रविवार दोपहर को लहूलुहान हालत में शव पड़ा मिला। जिसकी गर्दन और कलाई पर काटने के निशान बने थे। शव की शिनाख्त शाहबाज झोझा हाल निवासी कल्याणपुरी, मूल निवासी बेगम सराय अफजलगढ़ के रूप में हुई। हत्या के खुलासे के लिए एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस ने हत्यारोपी शकील लंबू पुत्र वकील निवासी शेरकोट को बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि वह शाहबाज झोझा के संग मिलकर लोगों को विदेश भेजने के लिए वीजा बनवाने का काम करता था। अब शाहबाज झोझा नया ऑफिस खोलने के लिए रुपयों की डिमांड कर रहा था। करीब दो लाख रुपये शकील लंबू ने दे भी दिए थे। इसके अलावा उसने शकील के नाम पर लोगों से रुपये ले रखे थे। इसी से तंग आकर शकील लंबू दिल्ली से शाहबाज झोझा को बहाना बनाकर नजीबाबाद ले आया। दोनों एक ही कमरे में रुके। हत्यारोपी पूरी योजना के साथ दिल्ली से चला और कैंची भी वहीं से लाया। वारदात को अंजाम देने के लिए हत्यारोपी ने अपने दोस्त शाहबाज को जमकर शराब पिलाई। नशा ज्यादा हो जाने के बाद शाहबाज सो गया। रात में करीब डेढ़ बजे कैंची से लगातार वार कर शकील ने शाबाज की हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की तस्वीरें: मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां, बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर
बताया गया कि हत्या करने के बाद करीब चार घंटे वह शव के पास ही बैठकर टीवी देखता रहा। सुबह 5:55 बजे वह कमरे का लॉक लगाकर फरार हो गया। हत्यारोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कैंची, कमरे की चाबी, मोबाइल फोन, खून से सनी शर्ट, आधार कार्ड बरामद हुए हैं।
यह भी पढ़ें: फिर बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी राहुल काला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, किरायेदार बोले- हम बेघर हो गए, देखिए तस्वीरें
मृतक और हत्यारोपी का है आपराधिक इतिहास
हत्यारोपी शकील लंबू पर उत्तराखंड में केस दर्ज है। जहां से वह फरार और भगौड़ा घोषित है। वहीं, मृतक शाहबाज झोझा के खिलाफ भी कई केस दर्ज हैं। शाहबाज दिल्ली की तिहाड़ जेल में कई साल तक रहा है। शकील लंबू और शाहबाज झोझा की सबसे पहले मुलाकात मुंबई में हुई थी।