बिजनौर: गन्ना भाव बढ़ाने की मांग, 21 अक्टूबर को भाकियू की महापंचायत, राकेश टिकैत होंगे शामिल
बिजनौर के नुमाइश मैदान में 21 अक्टूबर को भाकियू की महापंचायत होगी। राकेश टिकैत की मौजूदगी में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल, बकाया भुगतान और भूमि मुआवजे के मुद्दे उठाए जाएंगे।
विस्तार
गन्ना मूल्य और बकाया भुगतान का मुद्दा उठेगा
सोमवार को गन्ना समिति सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाकियू के जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान ने महापंचायत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। महापंचायत में गन्ने का भाव बढ़ाने के साथ बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान के अनुसार, हाईवे निर्माण में जाने वाली किसानों की जमीन के सर्किल रेट और औद्योगिक गलियारे के लिए अधिग्रहीत की जाने वाली भूमि से जुड़े मामलों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही फसलों के मुआवजे का मुद्दा भी महापंचायत में उठाया जाएगा।
किसानों से महापंचायत में पहुंचने की अपील
चौधरी राकेश टिकैत महापंचायत में किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाएंगे। जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान ने जिले के किसानों से 21 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में नुमाइश मैदान पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज उठाने के लिए महापंचायत जरूरी है।